हिंडालको महान के कर्मियों द्वारा अभिनीत रामलीला का छठवां दिन
Newspost, MP, सिंगरौली.
हिंडालको महान श्रीराम लीला परिषद् द्वारा प्रस्तुत छठवें दिन की रामलीला में महान परियोजना प्रमुख एस. सेंथिल नाथ, मानव संसाधन प्रमुख विश्वनाथ मुखर्जी, स्मेल्टर प्रमुख यस. शशि कुमार, मैकेनिकल प्रमुख ए आदर्श, सीपीसी ऑपरेशन महाप्रबंधक संजय शर्मा द्वारा सपरिवार मां स्कंद माता, श्रीगणेश तथा भगवान श्रीराम के पूजन के साथ प्रारंभ हुई।
आज की रामलीला युद्ध के विस्मयकारी दृश्य से भरी हुई थी। प्रथम दृश्य की शुरूआत रावण के महाभट योद्धाओं के पराजय की सूचना के साथ हुई। फिर कुंभकरण जागरण, रावण कुंभकरण युद्ध, कुंभकरण वध, मेघनाथ यज्ञ भंग, लक्ष्मण- मेघनाथ युद्ध, मेघनाथ- रावण वार्ता, मेघनाथ वध, राम रावण युद्ध के अंतिम दृश्य के साथ रामलीला का समापन हुआ। आज की रामलीला में तकनीक का भी खूब प्रयोग देखने को मिला।
लीला में कुंभकरण जागरण के दृश्य ने मनोरंजक था जिसका सभी दर्शकों ने खूब आनंद लिया। कुंभकरण की भयंकर्ता को देखकर सभी लोग विस्मय से भर गए। मेघनाथ और लक्ष्मण के युद्ध के रोमांचक और संजीव दृश्यों ने दर्शकों को जडवत सा कर दिया। रावण का अपने ईष्ट भगवान शंकर के साथ अंतिम युद्ध के पहले के संवाद ने लीला प्रांगण के वातावरण को अलौकिक सा बना दिया। फिर राम- रावण युद्ध के अंतिम दृश्य की भयंकर्ता की तो बात ही क्या ?

जब रावण अपने रथ पर सवार होकर युद्ध के लिए निकला तो हर हर महादेव और जय श्री राम के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। इसी युद्ध के दौरान जब दशानन रावण अकस्मात ही आसमान में प्रकट हुआ तो सभी दर्शक स्तब्ध रह गए, कलाकारों के अभिनय और संवाद ने सभी दृश्यों को और भी जीवंत कर दिया जिसकी सभी दर्शकों ने खुलकर प्रशंसा की।
महान श्री रामलीला परिषद के उपाध्यक्ष सुशांत नायक जी ने सभी कलाकारों को इस रोमांचकारी और जीवंत प्रदर्शन के लिए बहुत-बहुत बधाई दी तथा महान नगर वासियों को और अधिक संख्या में रामलीला देखने और कलाकारों को और अधिक स्नेह देने का आवाहन किया। महान रामलीला परिषद के सचिव रामजतन गुप्त जी ने रामलीला से जुड़े अपने अनुभवों को साझा किया और इस सफल रामलीला के आयोजन के पीछे कलाकारों के सतत परिश्रम, समर्पण और रामलीला के निर्देशक अभिषेक उपाध्याय की प्रतिबद्धता का उल्लेख किया। उन्होंने उपस्थित अधिकारी गण, जनसमूह और प्लांट के सभी विभागों का उनके रामलीला को सफल बनाने में सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया, साथ ही दशमी के दिन दिखाए जाने वाले प्रसंग के विषय में जानकारी दी।
इस अवसर पर महान परियोजना के प्रमुख एस. सेंथिल नाथ, प्रमुख मानव संसाधन बिश्वनाथ मुखर्जी, एस शशी कुमार, चंद्रशेखर सिंह, संजय चतुर्वेदी, गौरव वर्मा, ए.आदर्श, सुब्रत पांधी, कर्नल असीम भट्ट व अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने अपने संबोधन से कलाकारों की बहुत-बहुत प्रशंसा की। महान श्री रामलीला परिषद की टीम को इस सफल आयोजन के लिए बहुत-बहुत बधाई दी। हिंडालको महान परिवार के मुखिया एस. सेंथिल नाथ ने सभी कलाकारों को बधाई दी और राम के प्रेरणादाई चरित्र का वर्णन करते हुए उनके गुणों को अपने जीवन में उतारने और सीख लेने की बात कही।
