सीधी लोकसभा सीट के लिए सिंगरौली जिले के 817 मतदान केन्द्रों में 713309 मतदाता करेंगे मतदान, आज प्रातः 7 से शाम 6 बजे तक होगा मतदान
Newspost, Election Desk, Rohit Gupta.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 400 पार सीटों पर जीतने की घोषणा के बाद तीखे विरोधी तेवर के साथ I.N.D.I.Alliance एवं पन्ना प्रमुख के स्तर तक पसीना बहा रही सत्ताधारी भाजपा के लिए आज शुक्रवार का दिन अत्यधिक महत्वपूर्ण है। आज लोकसभा निर्वाचन 2024 के मतदान हेतु पहला चरण है। फर्स्ट फेज़ में देशभर के 102 संसदीय क्षेत्रों के लिए मतदान होगा। इनमें शामिल सीधी संसदीय क्षेत्र- 11के लिए सिंगरौली जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्र सिंगरौली, देवसर तथा चितरंगी में आज 19 अप्रैल '24 को वोटिंग होगी। मतदान प्रातः 7 बजे आरंभ होगा जो सायं 6 बजे तक जारी रहेगा। इस अवधि में जिलें के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के 817 मतदान केन्द्रों में 7 लाख 13 हजार 309 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इनमें 3 लाख 70 हजार 422 पुरुष तथा 3 लाख 42 हजार 860 महिला मतदाताओं हैं। थर्ड जेन्डर के 7 मतदाता भी मतदान करेंगे। मतदान के लिए सभी केन्द्रों में आवश्यक प्रबंध किये गये हैं।
इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चन्द्रशेखर शुक्ला ने बताया कि दिव्यांगों बुजुर्गो तथा गर्भवती महिलाओं को बिना लाईन में लगे मतदान की सुविधा दी जा रही है। मतदान केन्द्र में धूम्रपान तथा मोबाईल फोन के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा।

हर 2 घण्टे में मिलेगी मतदान प्रतिशत की जानकारी
लोकसभा निर्वाचन 2024 में मतदान केन्द्रों पर होने वाले मतदान के प्रतिशत की जानकारी आमजन को उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा मोबाईल एप तैयार किया गया है। एप का उपयोग पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी क्रमांक-1 एवं सेक्टर ऑफिसर द्वारा किया जायेगा। एंड्रॉइड फोन के प्ले स्टोर में जाकर एप डाउनलोड कर उपयोगकर्ता को अपने मोबाईल नम्बर से लॉगिन करना होगा। इस प्रकार प्रत्येक मतदान केन्द्र हेतु पंजीकृत मोबाईल नम्बर से ही उपरोक्त एप का उपयोग किया जा सकेगा।
मतदान प्रतिशत कि जानकारी तथा चुनाव संबंधी अन्य जानकारिया प्राप्त करने के लिए कलेक्ट्रट सभागार में कम्यूनिकेशन सेंटर बनाया गया है। इसमें विधानसभा वार दल तैनात किये गये हैं। प्रत्येक मतदान केन्द्र से मतदान प्रतिशत की जानकारी प्राप्त कर उसे निर्वाचन आयोग को ऑन लाईन भेजा जायेगा। पीठासीन अधिकारी तथा सेक्टर आफीसर अपने लागिंग से मतदान प्रतिशत की जानकारी दर्ज करेंगे। अंतिम रूप से जानकारी जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा तैयार की जायेगी।

चुनाव को लेकर खनहना सहित सभी अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर आने जाने वाले वाहनों की सघन जांच जारी है। कड़ी सुरक्षा में आज होगा मतदान। चुनाव के दृष्टिगत आज बंद रहेगा कोल परिहवन, निर्देश जारी।
