उचित मूल्य दुकानों से राशन की कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध होगी कठोर कार्यवाही- कलेक्टर
Newspost, MP Regional Desk.
सिंगरौली, मध्य प्रदेश। उचित मूल्य की दुकानों से राशन की कालाबाजारी पर लगाम लगाने के लिये कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला ने अधीनस्थ प्रशासनिक अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्देशित किया है कि कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही किया जाना सुनिश्चित करें।
Best Buy! Festival Offer… 👇
कलेक्टर शुक्ला ने जोर देकर कहा कि, सीएम हेल्प लाईन में 50 दिवस की लंबित शिकायतों को विभागीय अधिकारी दो दिन के अंदर निरारकण सुनिश्चित करें। यह निर्देश कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समय सीमा (TLC) बैठक के दौरान कलेक्टर चन्द्रशेखर शुक्ला के द्वारा विभागीय अधिकारियों को दी गई।
कलेक्टर ने समय सीमा बैठक के दौरान उचित मूल्य की दुकानों से हितग्राहियों को दिये जाने वाले खाद्यान की समीक्षा करते हुये कहा कि कुछ जगहों से इस आशय की जानकारी मिल रही है कि उचित मूल्य की दुकानें समय पर नहीं खुलतीं तथा पात्रता के अनुसार हितग्राहियों को कम खाद्यान का वितरण किया जा रहा है। इसे उन्होंने अत्यन्त ही खेदजनक बताया।
दिए कठोर निर्देश
कलेक्टर ने सभी उपखण्ड अधिकारियों को निर्देश दिये कि अपने अपने स्तर से उचित मूल्य दुकानों का औचक निरीक्षण करायें। साथ ही तहसीलदार, नायब तहसीलदारों एवं जिला के अन्य अधिकारियों को भी निर्देश दिये कि अपने क्षेत्र भ्रमण के दौरान उचित मूल्य दुकानों, विद्यालयों, आंगनवाड़ी केन्द्रों, छात्रावासों, मध्यान्ह भोजन आदि का औचक निरीक्षण करें एवं लापरवाही करने वालों के विरुद्ध निःसंकोच कठोर कार्यवाही किया जाना सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने पीएम जन मन योजना के तहत हितग्राहियों के बनाये जा रहे आयुष्मान कार्ड की समीक्षा करते हुये कहा कि अभी तक लक्ष्य के अनुसार हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड नहीं बनाया जा रहा है। सभी क्षेत्रों के बीएमओ निगरानी रखें साथ ही सचिव रोजगार सहायक आशा कार्यकर्ता के साथ साथ इस कार्य में संलग्न दल लक्ष्य के अनुसार शत प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को प्रतिदिन की प्रगति से अवगत कराने को कहा।
बिल्डिंग परमिशन के बिना चल रहे कोचिंग सेंटरों पर होगी कार्रवाई
उन्होंने बिना भवन अनुज्ञा के संचालित कोचिग सेंटरों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्यवाही किये जाने का निर्देश नगर निगम आयुक्त को दिये हैं। साथ ही सभी विभागों द्वारा संचालित केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के लाभ के प्रगति की समीक्षा की तथा निर्देश दिये कि प्रति दिवस 5- 5 विभागों की समीक्षा की जायेगी। देखा जाएगा कि संबंधित विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुसार हितग्राहियों को लाभान्वित कराया गया है या नहीं। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिये कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिया जाना सुनिश्चित करें। यदि लक्ष्य के अनुसार योजनाओं का लाभ हितग्रहियों को नहीं दिया गया तो संबंधित विभागीय अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
लापरवाह अधिकारियों को मिलेगा दण्ड
कलेक्टर ने सीएम हेल्प लाईन में लंबित शिकायतों के प्रगति की समीक्षा करते हुये चिंता व्यक्त की गई। उन्होंने कहा कि कुछ विभाग गंभीरतापूर्वक सीएम हेल्पलाईन में दर्ज शिकायतों का निराकरण नहीं कर रहे हैं। इससे जिले की रैकिंग प्रभावित हो रही है। उन्होंने निर्देश दिये कि विभागीय अधिकारी 50 दिवस की लंबित शिकायतों का दो दिवस के अंदर संतुष्टि पूर्वक निराकरण कराया जाना सुनिश्चित करें। साथ ही लोक सेवा प्रबंधक को निर्देश दिये कि ऐसे अधिकारी जिनके द्वारा शिकायतों को अटेंड नहीं किया गया है, उनके विरुद्ध प्रति शिकायत 100 रुपये की दर से जुर्माना लगाने की कार्यवाही करें।
देरी की तो लगेगा जुर्माना
कलेक्टर ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदन पत्रों के निराकरण की समीक्षा करते हुये निर्देश दिये कि लोक सेवा गरंटी अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदनों का समय पर निराकरण कर आवेदनकर्ता को लाभ दिया जाना सुनिश्चित करें। साथ ही जो आवेदन लंबित हो तो उनका निराकरण 15 अक्टूबर तक कराया जाना सुनिश्चित करें। अन्यथा संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार अर्थदण्ड की कार्यवाही की जाएगी।
कलेक्टर ने आकांक्षी जिले के तहत निर्धारित पैरामीटर के अनुरूप कार्य किये जाने हेतु स्वास्थ्य, शिक्षा एवं महिला बाल विकास विभाग को निर्देश दिये।
बैठक में ये रहे सम्मिलित
बैठक के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेन्द्र सिंह नागेश, अपर कलेक्टर अरविंद झा, पीके सेनगुप्ता, एसडीएम सृजन वर्मा, राजेश शुक्ला, नगर निगम आयुक्त डीके शर्मा, डिप्टी कलेक्टर माइकेल तिर्की, तहसीलदार रमेश कोल, प्रीति सिकरवार, जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुराग मोदी, मुख्य चिकित्सा एवं स्थ्वास्थ्य अधिकारी एनके जैन, खनिज अधिकारी एके राय, महिला बाल विकास अधिकारी राजेश गुप्ता, जनपद पंचायत बैढ़न के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनिल तिवारी, सहायक संचालक कविता त्रिपाठी, रोजगार अधिकारी सीमा बर्मा, उप संचालक उद्यानिकी एचएन निमोरिया, सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग योगेन्द्र राज, अंग्रणी महाविद्यालय के प्राचार्य एमयू सिद्दीकी, लोक सेवा प्रबंधक रमेश पटेल सहित जिले के अधिकारी उपस्थित रहे।

