ओपीडी से नदारद चिकित्सकों पर सिविल सर्जन, आरएमओ व अस्पताल प्रबंधक को जारी किया कारण बताओ नोटिस, स्वच्छता एजेंसी की एक माह की राशि रुकी
Newspost, State Desk MP.
अनुपस्थित डॉक्टरों व स्टाफ का एक दिन के वेतन कटौती के लिए निर्देश
सिंगरौली जिले के नये कलेक्टर गौरव बैनल जिला चिकित्सालय/ ट्रॉमा सेंटर का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। वहां का हाल देखकर वे भड़क गए और कारण बताओ नोटिस के साथ साथ तमाम कठोर निर्देश दे डाले। निरीक्षण के दौरान ओपीडी में डॉक्टरों की उपस्थिति कम थी, चिकित्सालय की साफ सफाई व्यवस्था सही नहीं थी। फलत: उन्होंने सिविल सर्जन, आर.एम.ओ सहित हॉस्पिटल मैनेजर को कारण बताओ नोटिस थमा दिया। स्वच्छता एजेंसी के एक माह की राशि रोकने का निर्देश दिया।
कलेक्टर बैनल ने हेल्पडेस्क का निरीक्षण किया और शिकायत पेटी एवं शिकायत पंजी तत्काल रखने का निर्देश दिया। उन्होंने मैटरनल वार्ड, आई सी यू, मेडिकल वार्ड, इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब, जनरल वार्ड का निरीक्षण कर मरीजों का हाल जाना एवं सिविल सर्जन को निर्देश दिए कि वार्ड सम्बंधित सभी प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया जाए। निर्धारित रोस्टर के अनुसार डॉक्टर उपस्थित रहें साथ ही नियमित रूप से वार्ड में भर्ती मरीजों का रूटीन चेकअप करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि वार्डों में भर्ती मरीजों के संबंधित रजिस्टर का व्यवस्थित संधारण किया जाए, साथ ही आज अनुपस्थित मिले डॉक्टर एवं अन्य स्टाफ के एक दिवस की वेतन कटौती की जाए।
प्रसव के समय ही प्रदान करें योजनाओं के लाभ
कलेक्टर ने महिला वार्ड का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि वार्ड में भर्ती ऐसी महिलाएं जिनका जिला चिकित्सालय मे प्रसव हुआ है उन्हें भर्ती के समय ही शासन द्वारा प्रदाय की जाने वाली योजनाओं से लाभान्वित कराएं। इस आशय की भी जानकारी उपलब्ध कराएं के कितनी महिलाएं भर्ती थी एवं कितनी महिलाओं को लाभ प्रदान किया गया है।
कलेक्टर ने मेडिसिन वार्ड का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि भर्ती होने वाले मरीजों का सही समय पर डायग्नोसिस किया जाए ताकि उन्हें उचित उपचार मिल सके। उन्होंने निर्देश दिए कि रक्त जांच सहित अन्य मेडिकल जांचों की रिपोर्ट समय पर मरीजों को उपलब्ध कराई जाए। यह सुनिश्चित करें कि रिपोर्ट के लिए कोई राशि की मांग न की जाए। उन्होंने भर्ती मरीजों को दिए जाने वाले भोजन नाश्ते की जानकारी लेने के पश्चात रसोई कक्ष का भी अवलोकन किया तथा निर्देश दिए कि भर्ती मरीजों को समय पर नाश्ता एवं मेनू के अनुसार भोजन प्रदाय किया जाए।
निरीक्षण के पश्चात कलेक्टर श्री बैनल ने सिविल सर्जन को निर्देश दिए कि अस्पताल के स्वच्छता, दवा वितरण व्यवस्था, मरीजों को उपलब्ध व्यवस्थाएं सहित समय पर ओपीडी का संचालन हो सभी व्यवस्थाएं सदृढ़ की जाएं। जिला चिकित्सालय की किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ कल्पना रवि, डॉ उमेश सिंह, डॉ राजेश बैस उपस्थित रहे।
