खनिज के नाजायज करोबार से हो रही राजस्व क्षति, बिगड़ रहा पर्यावरण, नष्ट हो रहे प्राकृतिक संसाधन
Newspost, Regional Desk, सिंगरौली, एमपी.
नदी से अवैध तौर पर रेत का उत्खनन कर परिवहन किए जाने की सूचना मिलने के बाद बरगवां पुलिस ने अवैध रेत लोड ट्रैक्टर को पकड़कर कार्यवाही की। शुक्रवार को भी अलग अलग थाने की पुलिस ने अवैध रेत परिवहन मामले में ट्रैक्टरों को पकड़ा था। लेकिन सवाल यह उठता है कि समय समय पर धरपकड़ की कवायदों के बाद भी प्रकृति और पर्यावरण पर डाका डालने वाले कानून से डर क्यों नहीं रहे ? इस प्रश्न का उत्तर खोजना बेहद जरूरी है। यह इसलिए भी आवश्यक है कि ऐसी गतिविधियों से प्रदेश सरकार को राजस्व की क्षति तो हो ही रही है, इससे नैसर्गिक संसाधन नष्ट हो रहे हैं और पर्यावरण की स्थिति के भयावह होने का अंदेशा भी है।
बहरहाल, बरगवां निरीक्षक आर पी सिंह ने मुखबिर की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक युसूफ कुरैशी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा एवं एसडीओपी के के पांडेय के मार्गदर्शन में टीम गठित कर ग्राम बन्धा बाडी झिरिया नाला भेजा। वहां नाला में टैक्टर ट्राली में रेत उत्खनन कर लोड कर रहे लोग पुलिस को देखकर भाग निकले। पुलिस द्वारा पकड़े गए बिना नम्बर के आयसर 333 टैक्टर के ट्राली में 01 घन फिट बालू लोड मिला। जिसे जप्त कर ट्रैक्टर मालिक वशिष्ट प्रसाद गुप्ता निवासी पचौर थाना बरगवां के विरुद्ध धारा 379, 414 भादवि व 4/21 खान अधिनियम 1952 एवं 18 (1) अवैध खनिज परिवहन भण्डारण निवारण अधिनियम 2006 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
उक्त कार्यवाही में उप निरीक्षक रामजी त्रिपाठी, स.उ.नि. विशेषर प्रसाद साकेत, आरक्षक विकेश सिंह, कौशलेन्द्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
