क्रिकेट विश्व कप के पहले सेमीफाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 70 रनों से पछाड़ा, फाइनल में किया प्रवेश

दूसरा सेमीफाइनल आज, ऑस्ट्रेलिया व दक्षिण अफ्रीका की टीमें होंगी आमने सामने, विजेता की होगी भारत से भिडंत

Newspost, Sports Desk.

आईसीसी विश्व कप (ICC WC) की बुधवार, 15 नवंबर को मुंबई के वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में विराट कोहली ने अपने बल्ले और मो. शमी ने गेंद से जो तोड़फोड़ की वह क्रिकेट के इतिहास में लंबे अर्से तक याद किया जाएगा। यहाँ विश्व कप 2023 का पहला सेमीफाइनल (Semifinal) मैच भारत बनाम न्यूजीलैंड खेला गया। इस मैच को भी अब तक सभी 9 लीग मैचों की विजेता भारतीय टीम ने 70 रनों से जीतकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। दूसरा सेमीफाइनल ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच आज खेला जाएगा। फाइनल (Final) 19 नवंबर को नरेंद्र मोदी स्टेडियम अमदाबाद में खेला जाएगा।

भारतीय टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुना। कप्तान रोहित शर्मा व शुभमन गिल की सलामी जोड़ी की शानदार शुरुआत और विराट कोहली तथा श्रेयस अय्यर की धुआंधार शतकीय पारी के सहयोग से भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 397 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। अपनी पारी खेलने उतरी न्यूजीलैंड की शुरूआत बहुत अच्छी नहीं रही। लेकिन मिशेल व विलियमसन की जोड़ी के पिच पर टिके रहे और लगभग 200 रनों की साझेदारी कर दी और स्कोर महज 2 विकेटों के नुकसान पर 300 के पार चला गया।

न्यूजीलैंड की टीम 398 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी, लेकिन शुरुआत खराब रही। शमी की धारदार गेंदबाजी के चलते न्यूजीलैंड के डेवेन कॉन्वे और रचिन रविंद्र की सलामी जोड़ी को 39 रनों के स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद कप्तान केन विलियमसन 69 रन और डेरिल मिशेल 134 ने न्यूजीलैंड की उम्मीदों को जिंदा रखा। 33वें ओवर की दूसरी गेंद पर शमी ने विलियमसन को सूर्यकुमार के हाथों कैच आउट कराकर इस साझेदारी को तोड़ते हुए न्यूजीलैंड की उम्मीदों को तीसरा झटका दिया। उसी ओवर में टॉम लेथम शून्य को शमी ने पगबाधा (LBW) कर पवेलियन भेज दिया।

इसके बाद 43 ओवर में ग्लेन फिलिप्स 41 रन को बुमराह ने जडेजा के हाथों कैच आउट करा दिया। 46वें ओवर में शमी ने डेरिल मिशेल 134 रन को जडेजा के हाथों कैच कराकर न्यूजीलैंड की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। मार्क चैपमैन दो रन, मिशेल सैंटनर नौ रन, टिम साउदी नौ रन के निजी स्कोर पर धराशाई हो गए। शमी ने अपने सातवें विकेट के रूप में लॉकी फ़र्ग्युसन को 6 रन पर कीपर केएल राहुल के हाथों कैच आउट कराकर न्यूजीलैंड को 327 रनों पर समेट दिया। ट्रेंट बोल्ट दो रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से शमी ने 7 विकेट लिये जो कोई रिकॉर्ड को तोड़ दिया। वहीं जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और कुलदीप को एक-एक सफलता मिली।

पहले सेमीफाइनल की सम्पूर्ण कहानी:

वानखेड़े स्‍टेडियम में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। रोहित शर्मा और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी पहले विकेट के लिए 71 रनों की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत आधार दिया। भारत का पहला विकेट आठवें ओवर में रोहित शर्मा 29 गेंदों में 47 रन के रूप में गिरा। उन्हें साउदी की गेंद पर विलियमसन ने कैच कर लिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये विराट कोहली ने शुभमन गिल के साथ पारी को संभाला। वन डे में सचिन तेंदुलकर के शतकों की इडेन गार्डन कोलकाता के मैदान पर बराबरी कर चुके विराट कोहली ने बल्लेबाजी करते हुए 113 गेंदों में 117 रनों की रिकार्ड पारी खेली और सचिन के 49 शतकों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। इस मुकाबले में शतक बनाने के साथ ही विराट शतकों का अर्धशतक बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गये। उन्हें साउदी ने कॉन्वे के हाथों कैच आउट कराकर पवेलियन भेजा।

अंतिम ओवरों में शॉट लगाने के प्रयास में श्रेयस अय्यर 70 गेंदों में 105 रन बनाकर बोल्ट का शिकार बने। सूर्यकुमार यादव एक रन बनाकर साउदी की गेंद पर फिलिप्स को कैच थमा बैठे। इसके बाद खेल के बीच में 79 रनों पर रिटायड हर्ट हुए शुभमन गिल खेलने आये। वह 80 रन बनाकर और के एल राहुल 20 गेंदों में 39 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत ने 50 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 397 रन बनाये। न्यूजीलैंड की ओर से टिम साउदी ने तीन विकेट लिये। वहीं ट्रेंट बोल्ट ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed