रेडक्रॉस ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित किया गया रक्तदान शिविर
Newspost, Regional Desk, Singrauli.
सिंगरौली इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी एवं जिला मुख्यालय बैढ़न में संचालित एक निजी स्कूल ऑफ नर्सिंग के संयुक्त तत्वाधान में मॉडर्न नर्सिंग की जन्मदात्री फ्लोरेंस नाइटेंगेल के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय नर्सेज दिवस के अवसर पर शनिवार को मेगा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जिसमें नर्सिंग कोर्स कर रहीं 30 छात्राओं ने भी रक्तदान किया।
रेडक्रॉस ब्लड बैंक सिंगरौली के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित रक्तदान शिविर में कई अन्य लोगों ने पहली बार रक्तदान किया। जिसकी खुशी उनके चेहरे पर साफ झलक रही थी। रक्तदान से हृदयाघात की संभावना कम होती है। साल में एक बार रक्तदान करने से शरीर स्वस्थ व ऊर्जावान रहता है। फ्लोरेंस नाइटेंगेल का जीवन सदैव मानव सेवा को समर्पित रहा है। इस रक्तदान शिविर में छात्राओं एवं युवाओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। साथ ही दुर्लभ रक्त समूह का भी रक्त संग्रहण किया गया।
रेडक्रॉस सिंगरौली के चेयरमैन एसडी सिंह द्वारा बताया गया कि युवाओं को ऐसे रक्तदान शिविरों में बढ़ चढ़कर भाग लेना चाहिए। हमें अपने जीवन में एक बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए। क्योंकि इससे बड़ी मानव सेवा कोई नहीं है। इससे किसी भी दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति, गर्भवती महिला, डेंगू से ग्रस्त रोगी एवं थैलेसीमिया रोगियों के जीवन को बचाया जा सकता है।
पदाधिकारियों द्वारा रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया। रेडक्रॉस की ओर से रक्तदान शिविर टीम में हरिशंकर गुप्ता, अरविंद विश्वकर्मा, शिवानी सिंह स्टाफ नर्स, रेशमा खातून, कृष्ण कुमार सिंह, रामकली रजक व अन्य लोगों द्वारा शिविर को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया गया।
