एनएच 39 पर बरगवां थाना क्षेत्र के गोंदवाली में हुआ भीषण सड़क हादसा, ट्रक का खलासी वाराणसी रेफर

Newspost, Regional Desk. बरगवां (सिंगरौली).

रविवार की सुबह बरगवां थानांतर्गत एनएच 39 के गोंदवाली मुख्य मार्ग पर एक ट्रक व हाईवा के बीच आमने सामने हुई भीषण टक्कर में दोनों ही वाहनों के चालकों की मौत हो गई। एक खलासी की हालत गंभीर बताई गई है। यह दुर्घटना ट्रक क्रमांक यूपी 63 टी 8287 एवं कोल वाहन ट्रेलर क्रमांक यूपी 64 बीटी 4460 के बीच हो गई। वहीं ट्रक के खलासी को गंभीर रूप से घायल होने पर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया है। 

घटना का विवरण

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह लगभग 10 बजे एक ट्रक यूपी से बरगवां हिण्डालको में सामग्री लेने के लिए आ रहा था कि बरगवां थाना क्षेत्र के गोंदवाली में सामने से आ रहे कोल ट्रेलर वाहन से सीधी टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क हादसा में दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गये। ट्रक चालक मुन्नु यादव पिता बृजनाथ यादव निवासी मिर्जापुर की घटनास्थल पर मौत हो गई। जबकि ट्रक खलासी प्रमोद ठाकुर पिता विनोद ठाकुर उम्र 40 वर्ष निवासी जौनपुर गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रेलर वाहन चालक रितेश साहू पिता सीताराम साहू उम्र 23 वर्ष निवासी रजमिलान को गंभीर चोट आने पर पुलिस की मदद से उपचार के लिए जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेन्टर बैढ़न में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान चालक रितेश की भी मौत हो गई। खलासी की हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया है। 

इन्होंने बताया...

बरगवां टीआई शिवपूजन मिश्रा के अनुसार मृतक चालक रितेश साहू के शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों ने कर दिया है। लेकिन ट्रक चालक मुन्नु यादव के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका है। पुलिस द्वारा उसके परिजनों की प्रतीक्षा किया जा रहा है।

टूटी फूटी सड़क और गलत साईड बना हादसे का कारण

इन वाहनों की आमने-सामने हुई भिड़ंत जिसमें दोनों वाहन के चालकों की दर्दनाक मौत हो गई, इसका मुख्य कारण टूटी फूटी सड़क व रॉंग साईड पर चलना बताया जा रहा है। कोल वाहन रॉंग साईड से तेज गति के साथ चल रहा था। लेकिन चालक की घोर लापरवाही से इतना भीषण सड़क हादसा हुआ है। टक्कर इतनी भयंकर थी कि ट्रक का केबिन पूरी तरह से चकनाचूर हो गया। गोंदवाली के ग्रामीणजन बताते हैं कि रॉंग साईड में दोनों वाहन न चलते तो हादसा टल सकता था। इस हादसे में खलासी भी जीवन एवं मौत के बीच सांसें गिन रहा है।

गैस कटर से निकाले जा सके दोनों चालक

प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं कि ट्रक एवं ट्रेलर वाहन काफी तेज गति में थे। बेकाबू वाहन चालक नियंत्रण खो बैठे जिसके कारण टक्कर हो गयी। इस भीषण हादसे के चलते दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गये और वाहन के अन्दर फंसे दोनों वाहन के चालकों एवं खलासी को गैस कटर से काटकर बाहर निकाला जा सका। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *