News Desk, सिंगरौली, MP

शासकीय विद्यालयों में अप्रत्याशित बदलाव इन दिनों देखा जा रहा है। इसका कारण सरकार की नीतियाँ, उनके कार्यक्रम तो हैं ही इसके अलावा यह भी कहा जा सकता है कि जिन विद्यालयों के प्रबंधन एवं उनके कार्यक्रमों में जन भागीदारी रही है उस विद्यालय ने कुछ विशेष किया है।

इसका एक ताजा उदाहरण शासकीय कन्या हाई स्कूल सिंगरौली रही जिसने गत 15 अगस्त को एनसीएल के परेड ग्राउंड में केंद्रीय विद्यालय, सरस्वती शिशु मंदिर व शासकीय हायर सेकंडरी को पछाड़ते हुए सभी आयामों में अपने आप को सर्वश्रेष्ठ सिद्ध किया। इस विद्यालय ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर एक प्रकार से इतिहास रच दिया। ज्ञात हो कि इस विद्यालय का चयन पीएम श्री योजना के अंतर्गत भी किया गया है।

दूसरी ओर शासकीय हाई स्कूल सासन में हाल ही प्राचार्य के पद पर पदस्थ आरपीएस दूबे का ट्रैक रिकार्ड भी कुछ हटकर है। वे पहले देवरीडाँड हाई स्कूल के प्राचार्य रहे। वहाँ जन प्रतिनिधियों व बुद्धिजीवियों को सभी कार्यक्रमों में बुलाते रहे जिसका परिणाम अच्छा रहा। संप्रति उन्होंने सासन हाई स्कूल में पहुँचते ही स्थानीय जन प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर देश का 77 वां स्वतन्त्रता पर्व मनाया और गत सत्र के टापरों को पुरस्कृत कर इस सत्र के विद्यार्थियों को एक संदेश देने का कार्य किया।

सासन हाई स्कूल में ऐसे मना स्वतन्त्रता दिवस

देश के 77 वें स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर शासकीय हाई स्कूल सासन में समारोहपूर्वक ध्वजारोहण किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरपंच सासन विमलेश शाह, विशिष्ट अतिथि संदीप शाह, सदस्य जनपद पंचायत किरण साहू व भगवान दास साहू एवं रिलायंस पावर प्लांट के नागेंद्र सिंह रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य आरपीएस दुबे ने किया।

इस अवसर पर शैक्षिक सत्र 2022-23 में विद्यालय के प्रथम तीन सर्वाधिक अंक पाने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य हेतु शुभकामना दी गई। गत सत्र में विद्यालय में क्रमशः पूजा नाई-प्रथम को 5 सौ, अनारकली द्वितीय को 3 सौ एवं बालचंद को रु 200 का पुरस्कार प्रदान किया गया। सीसीएलई के वाद विवाद प्रतियोगिता में भाग लेने वाले 20 छात्रों के साथ ही इस आयोजन के प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय में पदस्थ सर्वश्री महेंद्र मौर्य, विजय कुमार शाह, अखलेश कुमार दाँगी, अशोक कुमार सिंह, श्रवण चतुर्वेदी, दिनेश शाह व पूजा पाण्डेय सहित सभी शिक्षक एवं स्टाफ तथा भारी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *