Newspost, Regional Desk. सिंगरौली, मध्य प्रदेश।

CEIR- संचार साथी पोर्टल के जरिए बरामद किए गए गुमशुदा मोबाइल

टेक्नोलॉजी ने आम कामकाज को काफी आसान तो किया ही है, इसने अपराधियों की नाक में दम भी कर रखा है। इस दीपावली पर एमपी की सिंगरौली पुलिस ने तकनीक का सही उपयोग कर सिंगरौली जिले के लगभग तीन सैकड़ा लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाने का उल्लेखनीय कार्य किया है।

दूरसंचार विभाग द्वारा विकसित संचार साथी (CEIR) पोर्टल के जरिए सिंगरौली पुलिस ने तकनीक का सफल उपयोग करते हुए सैकड़ों गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके यूजर्स के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी। दीपावली पर्व के अवसर पर पुलिस ने लगभग 68 लाख रुपए मूल्य के 288 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक (IG) रीवा जोन गौरव राजपूत, पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) हेमंत चौहान के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक (SP) मनीष खत्री के मार्गदर्शन में की गई।

विभिन्न राज्यों से बरामद किए गए 616 मोबाइल फोन 

जानकारी के अनुसार नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर पी.एस. परस्ते के नेतृत्व में सायबर सेल एवं थाना/चौकी टीमों ने विगत चार माह में कुल 288 गुम मोबाइल रिकवर किए हैं जिनमें से 156 पहले ही वितरित किए जा चुके थे। शेष 132 मोबाइल पुलिस अधीक्षक द्वारा एसपी कार्यालय में एक प्रेस वार्ता के दौरान संबंधित लोगों के परिजनों को सौंपे गए। अब तक वर्ष 2025 में कुल 616 मोबाइल फोन शिकायतकर्ताओं को सुपुर्द किए जा चुके हैं। बरामद मोबाइल फोन मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, दिल्ली और पंजाब राज्यों से ट्रेस किए गए।

बरामद मोबाइल फोनों का विवरण

सिंगरौली पुलिस द्वारा इस वर्ष बरामद मोबाइल फोनों में – वीवो 93, ओप्पो 64, रियलमी 40, रेडमी 25, वन प्लस 15, सैमसंग 11, इनफिनिक्स 11, आइटेल 06, मोटोरोला 07, नार्जो 05, टेक्नो 04, पोको 03, हॉनर 02, नथिंग 02 शामिल हैं जिन्हें उनके वास्तविक यूजर को सौंप दिया गया है।

क्या है सीईआईआर पोर्टल, कैसे करें शिकायत

दूरसंचार विभाग द्वारा विकसित सेंट्रल इक्युपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल आम नागरिकों को अपने गुम या चोरी हुए मोबाइल की शिकायत घर बैठे दर्ज कराने की सुविधा देता है।

ऐप पर शिकायत की प्रक्रिया :

1. गूगल पर वेबसाइट खोलें।

2. block stolen last mobile विकल्प का चयन करे

3. सभी आवश्यक विवरण भरें।

4. मोबाइल बिल, थाना शिकायत और पहचान पत्र की प्रति अपलोड करें।

5. पुरानी सिम बंद कर नई सिम का नंबर दर्ज करें।

6. ओटीपी वेरिफाई कर शिकायत संख्या प्राप्त करें।

इनकी रही सराहनीय भूमिका-

उप निरीक्षक पवन कुमार सिंह, आरक्षक वीरन सिंह, प्रशान्त केशरी, राहुल कुशरो, नंदकिशोर रुहैला, अरुण वास्कले, अजय कुशवाहा, योगेश विश्वकर्मा (थाना सरई), अरुणेन्द्र मिश्रा (बरगवां), सुरेश परस्ते (मोरवा), वेदप्रकाश शुक्ला (नवानगर), मुकेश पाण्डेय (चितरंगी), अशोक कुशवाहा (विंध्यनगर), खुम सिंह (जियावन) एवं राजकुमार (माडा) सहित अन्य पुलिस कर्मियों ने विशेष योगदान दिया। सिंगरौली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ‘सीईआईआर’ का अधिकतम उपयोग करें। इससे आपका कीमती समय बचेगा और पुलिस द्वारा आपकी शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण संभव हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *