Newspost, MP Desk.
झिंगुरदह, सिंगरौली.
आज बुधवार, 8 नवंबर को डीएवी पब्लिक स्कूल झिंगुरदह में आयोजित वार्षिकोत्सव समारोह बड़े उत्साह और जोश से मनाया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति में नन्हे बच्चों ने मंच पर इंद्रधनुषी रंगों की छटा बिखेर दी।
इस अवसर पर क्षेत्रीय महाप्रबंधक आशुतोष द्विवेदी एवं सहायक क्षेत्रीय अधिकारी एमपी जोन डी, अमिताभ श्रीवास्तव मुख्य अतिथि और अन्य पदाधिकारी गण विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे जिनका विद्यालय के प्राचार्य डॉ. शैलेश सिंघल ने पुष्प गुच्छ भेंटकर स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलन द्वारा किया। तत्पश्चात डीएवी गान प्रस्तुत किया गया। विद्यालय के छात्रों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। तदुपरांत प्राचार्य डॉक्टर शैलेश सिंघल ने विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत कर शैक्षणिक एवं सह पाठ्यचर्या गतिविधियों में विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि वर्षों की प्रतीक्षा के बाद विद्यालय में कक्षा 11वीं और 12वीं विज्ञान संकाय की कक्षाएं आने वाले सत्र से प्रारंभ होने जा रही हैं। प्राचार्य ने इसकी जानकारी देते हुए खुशी व्यक्त की।

नन्हें -मुन्ने बच्चों ने समूह गीत और समूह नृत्य के माध्यम से अपनी प्रतिभा का मनोहारी प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों द्वारा प्रदर्शित नैतिक मूल्यों आदर्शों तथा सम सामयिक विषयों की सराहना की। उन्होंने उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम की उपलब्धियों के लिए विद्यालय परिवार को बधाई दी। उन्होंने बच्चों के बीच नैतिक मूल्यों को विकसित करने में माता-पिता और शिक्षकों की भूमिका को निर्देशित किया।
अंत में विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती सीमा गुप्ता द्वारा धन्यवाद ज्ञापन व शांति पाठ द्वारा वार्षिक उत्सव का समापन किया गया।
