भीषण सडक़ हादसा : आटो चालक समेत 3 की मौके पर मौत, एनएच में शिवपुरवा में हुआ दर्दनाक हादसा

Newspost, Regional Desk, RB Singh 'Raaz', सीधी.

एमपी के रीवा – रांची एन‌एच 39 के सीधी-सिंगरौली मार्ग में कल दोपहर करीब 2:30 बजे शिवपुरवा गांव में हुआ भीषण हादसा। यहाँ हाईवा एवं आटो की भिड़ंत में आटो सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल एक बालक को जिला अस्पताल से रीवा के लिये रेफर कर दिया गया है।  हादसे में आटो में सवार मां एवं मासूम बेटी तथा आटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल एक महिला ने जिला अस्पताल में उपचार शुरू होने के कुछ समय बाद ही दम तोड़ दिया।

मिली जानकारी के अनुसार हादसे के वक्त तेज रफ्तार हाईवा क्रमांक यूपी 63 एटी 4794 की आटो क्रमांक एमपी 53 आर 0461 से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि आटो के परखच्चे उड़ गये। घटनास्थल पर ही तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में उमा मिश्रा पति प्रमोद मिश्रा 35 वर्ष एवं इनकी 6 वर्षीय बेटी जीविका मिश्रा निवासी मझरेटी कोठार, आटो चालक सीताराम कुशवाहा पिता बाबादीन कुशवाहा 54 वर्ष निवासी अमरपुर की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल शकुंतला केवट पति बाबूलाल केवट 35 वर्ष की जिला अस्पताल उपचार शुरू होने के कुछ समय बाद ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल पियूष मिश्रा पिता प्रमोद मिश्रा 8 वर्ष निवासी मझरेटी कोठार को प्राथमिक उपचार के पश्चात जिला अस्पताल से मेडिकल कालेज अस्पताल रीवा के लिये डॉक्टरों ने रेफर कर दिया। इस हादसे में मिश्रा परिवार के दो सदस्यों की मौके पर मौत होने एवं 8 वर्षीय बालक के गंभीर रूप से जख्मी होकर रीवा रेफर होने से पूरे परिवार में मातम छाया हुआ है। 

हाईवा चालक व खलासी मौके से फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद आरोपी हाईवा चालक एवं खलासी मौके पर से भाग खड़े हुये। सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त आटो में फंसे तीनों मृतकों के शव को बाहर निकलवाया तथा घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *