मड़वास (सीधी) की घटना

Regional Desk, RB Singh ‘Raaz’

एमपी में सीधी के मड़वास में मुख्य बाजार के बीच संचालित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के एटीएम (ATM) में बुधवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे अचानक आग लग जाने से पूरे बाजार में अफरा तफरी मच गई। 

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मड़वास बाजार में नीरज नामदेव के मकान में एसबीआई का एटीएम संचालित है। बुधवार को सुबह करीब साढ़े 11 बजे एटीएम बूथ से अचानक धुंआ उठने लगा। जिसकी जानकारी आस पास के दुकानदारों ने एटीएम बूथ के पीछे निवासरत मकान मालिक को दी।

वहाँ पहुंचे मकान मालिक द्वारा मौके की नजाकत को भांपते हुए तत्काल आग लगने की जानकारी पुलिस चौकी प्रभारी मड़वास केदार परौहा को दी गई। सूचना उपरांत मड़वास पुलिस द्वारा घटना की जानकारी तुरंत दमकल विभाग को दी और दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुंची तथा तमाशबीन बने लोगों को घटनास्थल से दूर किया।

आग उग्र रूप धारण करती इससे पहले ही दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। लेकिन तब तक एटीएम बूथ में लगा एसी जलकर राख हो गया तथा मशीन का कुछ हिस्सा भी जल गया है। किन्तु नगदी राशि बच गई है। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया गया है।

बताया गया है कि मड़वास के बीच बाजार में स्थित इस एटीएम बूथ में सुरक्षा के लिहाज से कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। इस एटीएम बूथ पर न तो कोई सुरक्षा गार्ड तैनात किया गया है और न ही अग्नि शमन यंत्र की व्यवस्था है। जबकि पूर्व में मड़वास स्थित मध्यांचल बैंक एवं सेवा सहकारी बैंक में लाखों रूपए के चोरी की घटनाएं घटित हो चुकी हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *