औचक निरीक्षण में डीईओ सिंगरौली ने जताई नाराजगी
Newspost, MP State Desk, Singrauli, MP.
मध्य प्रदेश में अमूमन शासकीय स्कूलों के अच्छे भवन हैं, शिक्षक हैं, छात्रों की संख्या भी अच्छी है। लेकिन यदि कुछ नहीं है तो वह है छात्रों की संतोषजनक उपस्थिति। विद्यालयों में शिक्षकों की अनधिकृत अनुपस्थिति भी चिंताजनक है। कलेक्टर चन्द्रशेखर शुक्ला के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी सिंगरौली एसबी सिंह ने जयंत हाई स्कूल व नवानगर विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जयंत विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति इतनी कम थी कि डीईओ के माथे पर भी बल पड़ गया और उन्होंने नाराजगी जताते हुए शिक्षकों को फटकार लगा दी। नवानगर के हाईस्कूल की एक शिक्षिका भी अनाधिकृत रूप से गैरहाजिर पायी गईं। इस पर नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया।
शनिवार की सुबह जिला शिक्षा अधिकारी एसबी सिंह ने एमएस दुधिचुआ संकुल शासकीय एचएसएस जयंत का भ्रमण कर विद्यालय के अकादमिक गतिविधियों का अवलोकन किया। जिसमें सभी कार्यरत शिक्षक उपस्थित मिले। विद्यालय में कक्षा 1-8 तक की कक्षाओं मे दर्ज 188 विद्यार्थियों में से बहुत कम उपस्थिति पाई गई। छात्रों की उपस्थिति वृद्धि के लिए अभिभावकों से संपर्क करने एवं विद्यालय में पदस्थ अतिशेष शिक्षकों को हटाने के लिए कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया। वहीं शासकीय एचएस नवानगर बैढ़न का एमपी टास्क के कार्य के प्रगति की जानकारी के लिए शासकीय एचएस नवानगर का अवलोकन किया। शिक्षिका अनामिका दुबे 2 दिन से अनधिकृत रुप से अनुपस्थित पाई गई जिन्हें कारण बताओ नोटिस दिया जाएगा।
