देर रात भड़की आग से दो दुकानें स्वाहा, देर से पहुंचा ननि का बेदम दमकल
Newspost, Regional Desk, सिंगरौली, मध्य प्रदेश.
मध्य प्रदेश के सिंगरौली के लिये इस साल की दीपावली की अगली सुबह एक दुखदाई घटना को लेकर आई। मंगलवार को पौ फटने के पहले ही सिंगरौली के मुख्य बाजार के बीचों बीच प्लास्टिक व स्टील फर्नीचर की एक पुरानी बड़ी दुकान में हुई अप्रत्याशित घटना के बाद अफरा तफरी मच गई। कोई लोगों, जन प्रतिनिधियों, विभागीय दफ्तरों, विशेषकर नगर निगम सिंगरौली, पुलिस व विद्युत विभाग के अधिकारियों के मोबाइल फोन की घंटियां बजने लगीं।
दीपावली की मध्य रात्रि के बाद लगभग 2 से ढाई बजे के बीच सिंगरौली (मोरवा जोन) में स्थित मुख्य बाजार में अग्नि देव ने रौद्र रूप दिखा दिया। आग भड़कने का तरह तरह का कारण बताया जा रहा है। बाजार के बीचों बीच जायसवाल परिवार के भवन में स्थित प्लास्टिक व स्टील फर्नीचर की दुकान के भीतर से अचानक आग भड़क गई।
दुकान के भीतर आग से फैले धुंए से उसी मकान के रहायशी खंड गर्म एवं दमघोंटू हो गया। घर में सो रहे व्यवसाई व उसके परिजनों को सांस लेने में जब तकलीफ होने लगी तब वे घबराहट में उठे तो वहां की स्थिति देख चीख पुकार करने लगे। देखते ही देखते आग की लपटों ने दुकान व मकान के बड़े हिस्से को चपेट में ले लिया था। सोम व मंगलवार की मध्य रात हुई इस घटना में विनोद जायसवाल के साथ ही उससे सटी उनके चचेरे भाई रोहित जायसवाल की दुकान भी स्वाहा हो गई। आग इतनी प्रचंड थी कि दुकान के शटर से लेकर उसमें भरे कई लाख के सामान, बाहर खड़ी दो मोटर साइकिल तो राख हुए ही, इस मकान के छत पर रखी पानी से भरी प्लास्टिक की टंकी भी पिघल गई।
जानकारी के अनुसार देर रात 2 बजे कुछ स्थानीय लोगों ने आग की लपटों को निकलते देखा तो उन्होंने उसी भवन में सो रहे घर वालों को घटना के बारे में बताया। भड़की आग पर काबू पाने के लिए जिसको जो सूझा, वह स्थिति पर काबू पाने की जुगत में लग गया।
इसी दौरान लोगों द्वारा स्थानीय पुलिस, नगर निगम के अग्निशमन विभाग व विद्युत विभाग को सूचित किया गया। दमकल के मौके पर पहुंचने तक आग ने विकराल रूप ले लिया था। एसडीओपी एवं टीआई मोरवा ने पुलिस बल की मदद से घर में रखे सिलेंडर और कीमती सामानों के साथ ही पीड़ित व्यवसाई के बीमार पिता को सबसे पहले सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बताया जाता है कि दोनों भाइयों के परिवारों के करीब दर्जन भर लोग इसी भवन में रहते हैं।
प्लास्टिक सामानों के कारण तेजी से फैली आग
व्यवसाई विनोद जायसवाल की फर्नीचर दुकान में प्लास्टिक के सामान प्रचुर मात्रा में भरे हुए थे। बंद दुकान में भड़की आग के कारण फायर फाइटर्स को स्थिति को नियंत्रित करने में भारी कठिनाई हो रही थी। मौके पर मौजूद वार्ड नं 9 के पार्षद शेखर सिंह ने त्वरित प्रयास कर ननि के जेसीबी को बुलवाया जिससे शटर तोड़कर आग पर काबू करने का प्रयास तेज किया गया। आग की विकरालता के कारण केमिकल युक्त पानी वाले दमकल को एनसीएल से बुलवाया गया। कुल 4 दमकलों के लगभग 4 घंटे के निरंतर कार्रवाई के बाद आग तो बुझ गई, लेकिन व्यवसायी की दशकों की मेहनत से विकसित प्रतिष्ठान पूरी तरह से खाक हो गया। विनोद जायसवाल की मानें तो इस दुर्घटना में उनका करीब 50 लाख रुपये का प्रत्यक्ष नुकसान हुआ है। दूसरी ओर इस भवन का करीब आधा हिस्सा जर्जर हो गया है। उसके प्लास्टर उखड़ गए हैं, बीम व छत फट गई है जिसका उपयोग घातक सिद्ध हो सकता है।

सूचना के डेढ़ घंटे बाद पहुंचा ननि का दमकल
आग लगने की सूचना मिलने के डेढ़ घंटे बाद नगर निगम का दमकल मौके पर पहुंचा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दमकल वाहन में आधा टैंकर ही पानी था जो बहुत जल्द ही खत्म हो गया। पुनः वाहन को पानी भरने जाना पड़ा। लोगों की मानें तो यदि एनसीएल जयंत से सीआईएसफ और झिंगुरदह खदान से दमकल नहीं पहुंचा होता और एक घंटे की भी देर हो गई होती तो इस आग की चपेट में पूरा मोहल्ला आ जाता। बताया गया है कि औड़ी मेला के कारण ननि का पुराना बेदम दमकल पहाड़ी वाले हनुमान मंदिर भेजा गया था। सूचना के बाद उसे घटनास्थल पर पहुंचने में समय लग गया।
घटना के बाद नगर निगम के विरुद्ध दिखा आक्रोश
इस घटना को लेकर क्या पक्ष क्या विपक्ष सभी नेताओं और स्थानीय लोग नगर निगम की लचर व्यवस्था से आक्रोशित दिखे। लोगों का आरोप था कि वर्ष 1999 के सर्वे ऑफ दमकल वाहन को नगर निगम के उप कार्यालय मोरवा में रख दिया गया है। जबकि नगरीय क्षेत्र में गाहे बगाहे आग लगने की घटनाएं होती रही हैं और हर बार नागरिकों का गुस्सा फूटने के बावजूद निगम प्रशासन पर अब तक कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। बताया जाता है कि नया दमकल वाहन मोरवा कार्यालय में आया था, लेकिन कुछ दिन बाद ही उसे निगम मुख्यालय बुला लिया गया। इस तरह उपेक्षित हो रहे मोरवा जोन के लोगों को बार बार भीषण हादसों का सामना करना पड़ा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने की प्रशासन से बात
मौके पर प्रात: पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष व व्यापार मंडल के अध्यक्ष राम सुमिरन गुप्ता ने घटना पर दु:ख व्यक्त करते हुए कहा कि यह नगरीय क्षेत्र की बड़ी और दुखदाई घटना है। व्यापारी विनोद जायसवाल की दशकों की कमाई जलकर भस्म हो गई। दुकानदार परिवार का मकान भी जर्जर हो गया। उन्होंने इस भीषण हादसे की जानकारी जिला प्रशासन को चलभाष द्वारा प्रदान की और पीड़ित परिवार को फौरी सहायता प्रदान कराए जाने हेतु अपील की।
कांग्रेस प्रत्याशी पहुंची और बंटाया दु:ख
आगामी चुनाव में सिंगरौली 80 विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की प्रत्याशी व पूर्व मेयर रेनू शाह भी घटना की सूचना के बाद पीड़ित जायसवाल परिवार से मिलीं, दुख दर्द बंटाया और हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
