Newspost, Regional Desk. सिंगरौली।
बुधवार, भगवान विश्वकर्मा जी के पूजनोत्सव का यह दिन सिंगरौली के लिए कुछ अप्रिय घटनाओं को भी लेकर आया था। मोरवा थाना क्षेत्रांर्गत कांटा मोड़ की बाईक व स्कॉर्पियो के भिड़ने और तीन की जिंदगी को संकट में डालने वाली घटना के अलावा अजगुढ़ में तलाब की गहराई में डूब जाने से 25 वर्षीय युवक की मौत ने उत्सव को काफी हद तक फीका कर दिया। घटना में मृत युवक का शव बरामद कर लिया गया है। मोरवा थाने की पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम हेतु भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिड़रताली निवासी हरिलाल सिंह पिता बवाल सिंह 25 वर्ष बुधवार सुबह अजगुढ गया था। वहां विश्वकर्मा पूजा के तालाब में गाड़ियों की धुलाई कई अन्य लोग भी कर रहे थे। बताया जाता है कि सुबह करीब 9 बजे हरिलाल उसी तालाब में नहाने के लिए उतरा, लेकिन गहराई में चले जाने से वह वहीं डूब गया। तालाब के पास मौजूद लोगों ने उसे खोजने का प्रयास किया जो असफल रहा। तब उन्होंने मोरवा थाना को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुँचे पुलिस दल ने युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ टीम को वैढ़न से बुलाया। सायं करीब 5 बजे शव को बाहर निकाल लिया गया। सूत्रों के अनुसार वह किसी वाहन का कर्मचारी था। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
