शनिवार, एक जून से ट्रैफिक नियमों को सख्ती से लागू किये जाने की तैयारी क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) ने कर ली है। नए कड़े नियम 1 जून 2024 से लागू किये जाएंगे। इन नियमों के अनुसार, तेज गति से वाहन चलाने, हेलमेट व सीट बेल्ट नहीं लगाने, साथ में लाइसेंस नहीं रखने, नाबालिग द्वारा वाहन चलाने आदि पर कड़ी कार्यवाही व बड़े जुर्माना की वसूली की जाएगी।
नाबालिग के गाड़ी चलाने पर भारी जुर्माना, गाड़ी मालिक का रद्द होगा लाइसेंस
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वाहन चलाते समय ड्राइविंग लाइसेंस जरूरी होगा। 18 साल से कम उम्र के व्यक्ति द्वारा वाहन चलाते पाए जाने पर 25,000 रुपये तक जुर्माना भरना पड़ेगा। इसके अलावा वाहन मालिक का ड्राइविंग लाइसेंस भी रद्द हो सकता है। साथ ही नाबालिग को 25 साल की उम्र तक लाइसेंस भी नहीं दिया जाएगा।
उल्लंघन करने पर इस प्रकार लगेगा जुर्माना
तेज़ गति से गाड़ी चलाने वाले पर 1000 रुपये से 2000 रुपये तक का जुर्माना भरना पड़ सकता है। वहीं बिना लाइसेंस गाड़ी चलाने पर 500 रुपये का जुर्माना देना होगा। हेलमेट न पहनने पर 100 रुपये का जुर्माना भरना होगा। सीट बेल्ट न पहनने पर 100 रुपये का जुर्माना देना होगा। सबसे बड़ी पेनाल्टी ₹ 25000 नाबालिग द्वारा वाहन चलाने पर होगी। दुर्घटना की स्थिति में वाहन मालिक के खिलाफ भी कठोर कार्यवाही करने का प्रावधान है।
