💥चितरंगी में हुई घटना से इलाके में भय का वातावरण, एएसपी मौके पर पहुंचे और जांच तेज की, एक संदेही सत्ता पक्ष के कथित नेता से की जा रही पूछताछ

💥पुलिस खंगाल रही पूरे रूट का सीसी टीवी फुटेज

Newspost, MP Regional Desk.

सिंगरौली, मध्य प्रदेश। घटना 13 जुलाई, शनिवार की है। इस घटना से चितरंगी दहल गया है। चितरंगी थाना क्षेत्र में ग्राम तेंदुआ के रास्ते में दिनदहाड़े फोर व्हीलर सवार हमलावरों ने एक युवक की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी और फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के तत्काल बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। पुलिस बल के मौके पर पहुंचने के साथ ही वहां भीड़ जमा हो गई थी। एडिशनल एसपी शिवकुमार वर्मा भी ताबड़तोड़ चितरंगी पहुंचे और बारीकी से जांच शुरू कर दी। वहीं सत्तापक्ष के एक कथित नेता को पुलिस थाने ले गई है। पुलिस उसे संदेही मानकर पूछताछ कर रही है। हालांकि पुलिस ने इस बात का खुलासा नहीं किया है।

घटना का विवरण-

इस घटना ने जिले की कानून व्यवस्था पर प्रश्न चिन्ह लगा दिया है। चितरंगी थाना क्षेत्र में तेंदुआ मार्ग पर दिनदहाड़े हुई घटना की चर्चा समूचे जिले में चल रही है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि कार (फोर व्हीलर) सवार हमलावरों ने ग्राम दुर्दुरा निवासी लाले बंसल पिता मुन्नीलाल बंसल उम्र 23 वर्ष की गोली मारकर तब हत्या कर दी जब वह अपनी मोटरसाइकिल एच‌एफ डीलक्स मोटर साइकिल पर सवार होकर चितरंगी से पोड़ी की तरफ जा रहा था। बताया जा रहा है कि फोरव्हीलर सवार अज्ञात लोगों ने पीछा किया और ग्राम तेंदुहा निवासी हरिनारायण कुंदेल के घर के पास पिस्टल से तीन राउंड गोली मारी। जहां एक गोली मृतक के सीने में जबकि दूसरी गोली रीढ़ की हड्डी में लगते हुए पार हो गई। वहीं तीसरी गोली का निशाना चूक गया और गोली बाइक में जा लगी। 
मृतक युवक सरपंच का भाई है और उसकी ससुराल खैरा गांव में है। फिलहाल पुलिस इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश को भी मानकर जांच कर रही है। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाने में लगी रही। संभावना जताई जा रही है कि हत्या कांड के पीछे पुरानी रंजिश है। पुलिस आरोपियों की तलाश में विभिन्न ठिकानों पर दबिश दे रही है और शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कह रही है।

2 किमी तक बाइक चलाता रहा घायल युवक

स्थानीय लोगों ने बताया कि बाइक सवार लाले बंसल के सीने और पेट के बीचों बीच दो गोली लगने के बाद भी वह घायलावस्था में घटनास्थल हरिनारायण कुंदेल के घर के पास से लगभग 2 किलोमीटर दूर स्थित लालमणि कोल के घर के पास तक अपनी बाइक चलाकर गया। वहाँ बाइक खड़ी कर दी और लालमणि कोल से बोला हमारी स्थिति गंभीर है। हमें थोड़ी दूर पहुंचा दीजिए। अपने बताए स्थान के पहले ही वह शासकीय प्राथमिक पाठशाला तेंदुहा के पास सड़क पर गिर गया और वहीं उसने दम तोड़ दिया।

सीसीटीव्ही फुटेज खंगाल रही पुलिस

युवक की अज्ञात लोगों द्वारा दिनदहाड़े गोली मारकर निर्मम हत्या कर दिए जाने के कांड के बाद पुलिस के हाथ-पैर फूल गए हैं। वहीं पुलिस आरोपियों की धर पकड़ के लिए सड़क के किनारे बने संस्थानों में लगे सीसी टीवी की फुटेज खंगालने के साथ ही आने जाने वाले वाहनों की पड़ताल करने में जुटी रही।

इन्होंने बताया कि-
एक युवक की पेट और पीठ में गोली लगने से मौत हो गई है। यह चोट गोली लगने की वजह से वह बुरी तरह से घायल हो गया था। लेकिन यह तथ्य पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। इस घटना के सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

शिवकुमार वर्मा,एडिशनल एसपी, सिंगरौली.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *