कचनी में सूने मकान पर धावा बोला
₹ डेढ़ लाख नकद व 15 लाख से ऊपर के जेवरात ले उड़े
Newspost,Crime Desk,Singrauli, MP.
निर्भय चोरों ने बैढ़न कोतवाली पुलिस को चुनौती देते हुए एक सूने घर से नकदी व कीमती जेवरों को उड़ा लिया। पुलिस ने प्रकरण को जल्द सुलझाने का भरोसा जताया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बैढ़न कोतवाली से लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित शगुन गार्डेन के बगल में कचनी के एक सूने मकान से चोरों ने बीती रात डेढ़ लाख रुपए नकद एवं लगभग 15 लाख से अधिक कीमत के जेवरात को पर हाथ साफ कर दिया।
बताया जाता है कि घटना के समय मकान सूना था और परिवार के लोग छठ पूजा मनाने अपने गांव गए हुए थे। सोमवार को जब परिवार के लोग वापस लौटे तो आवाक रह गये। पीड़ित जागबली पुरी ने बताया कि वे छठ पूजा में शामिल होने के लिए सपरिवार अपने गांव गए हुए थे, मकान सूना था। चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया और ताला तोड़ चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
सोमवार को सुबह जब वे गांव से लौटकर आए तो मकान के ताले टूटे हुए थे तथा सारा सामान बिखरा पड़ा था। वारदात में चोर करीब 1 लाख 50 हजार रुपए नकद व जेवरात सहित कपड़े अन्य घरेलू सामान चुरा ले गए। घटना की जानकारी लगते ही उन्होंने सोमवार को कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
पीड़ित के अनुसार..
पीड़ित जागबली पुरी ने बताया कि वे 18 नवंबर को छठ पूजा मनाने अपने गांव रजमिलान गए हुए थे। 20 नवंबर को सुबह जब वे गांव से वापस लौटे तो देखा कि मकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। आनन फानन में जब वे घर के अन्दर घुसे तो देखा की सारा सामान बिखरा पड़ा है। आलमारी का लॉकर और सूटकेस के ताले टूटे हुए पड़े थे। पुरी के अनुसार आलमारी में रखे 1 लाख 50 हजार रुपए नकद, सोने की चेन, ब्रेसलेट, अंगूठी अंगूठी दो पीस, नथिया सोने का 2, मांग टीका 1पीस, गले के सोने का सेट, बिजली के साथ 1 पीस, मंगल सूत्र सोने का 1 पीस, गणेश लक्ष्मी की मूर्ति 1 पीस चांदी का, चांदी का सिक्का 5 पीस, चांदी की करधनी 1 पीस, पैर का कड़ा 1 सेट, चांदी के बर्तन ग्लास, कटोरी, चम्मच, कड़ा नजरिया, बच्चों की करधनिया चांदी का तथा सुटकेस में रखा दो सेट कोट पेंट, 15 साड़ियां, SBI एटीएम, पासबुक, चेकबुक, पोस्टऑफिस का चेक बुक आदि अज्ञात चोरों ने सुने घर का फायदा उठाते हुए पार कर दिया।
कोतवाल ने किया मुआयना, भाजपा विधायक प्रत्याशी भी पहुंचे पीड़ित के घर
घटना की जानकारी लगते ही भाजपा विधायक प्रत्याशी रामनिवास शाह ने मौके पर पहुंच पीड़ितों को सांत्वना देते हुए कहा कि उनकी टीआई से बात हो चुकी है। इस तरह के दुस्साहसिक व्यक्ति वह चाहे जो भी होगा जल्द ही सलाखों के पीछे होगा। उधर घटना की जांच करने बैढ़न कोतवाली टीआई सुधेश तिवारी ने जागबली पुरी के घर पहुं पीड़ित परिवार से घटना की पूरी जानकारी हासिल की। यहां उन्होंने घर का और वहाँ की परिस्थिति का पूरा मुआयना किया।
