विस चुनाव तिथि की घोषणा के बाद प्रशासन एक्शन में आ गया है, सैकड़ा भर वाहनों से हूटर, नेम प्लेट, झंडे, तो पब्लिक प्लेस से बैनर, होर्डिंग..हटाए
NEWSPOST, MP CG, सिंगरौली.
एमपी सहित 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की तिथियों की सोमवार को घोषणा के बाद से ही जिले में धारा 144 एवं आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई। इसके साथ ही पुलिस व प्रशासन भी एक्शन मोड में आ गया। वाहनों में लगे हूटरों, राजनैतिक दलों के झंडे, नेम प्लेट, पोस्टर आदि हटाने के साथ ही अन्य कार्रवाइयां शुरू कर दी गईं।

दोपहर बाद माजनमोड़ तिराहा पर यातायात सहित अन्य पुलिस बलों ने करीब डेढ़ दर्जन वाहनों से हूटर, राजनैतिक दलों के नम्बर प्लेट, नेम प्लेट, फ्लैग एवं आधा दर्जन से अधिक वाहनों में लगे ब्लैक फिल्म हटाने की कार्रवाई करते हुये करीब 70 वाहनों के विरुद्ध ताबड़तोड़ कार्रवाईयां की गईं। इसके साथ साथ जगह-जगह लगे राजनीतिक होल्डिग्स एवं पोस्टरों को भी पुलिस ने एक झटके में ही निकाल बाहर कर दिया।

पुलिस अधीक्षक युसूफ कुरैशी ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि वाहनों में लगे लाउडस्पीकर, पोस्टर, नेम प्लेट, राजनैतिक झण्डा, बैनर के हटाने के साथ-साथ सरकारी सम्पत्ति पर अनाधिकृत विरूपण एवं सार्वजनिक स्थानों का दुरुपयोग संबंधी कार्रवाई करें एवं 24 घण्टे कंट्रोल रूम क्रियाशील रहे।

बूथों की संख्या:
चितरंगी विधान सभा में मतदान केन्द्रों की संख्या 284, सिंगरौली में 261 एवं देवसर में 270 सहित कुल 815 मतदान केन्द्र हैं।

कोलाहल पर प्रतिबंध, धारा 144 लागू
विधान सभा चुनाव के दृष्टिगत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर अरुण परमार ने जिले में 9 अक्टूबर से 5 दिसम्बर की शाम 5 बजे तक धारा 144 लागू कर दिया है। चुनावी आम सभा, जुलूस, सामाजिक एवं त्यौहार कार्यक्रमों के आयोजन के लिये आयोजक विधि प्राधिकारी के समक्ष अनुमति प्राप्त करेंगे। वहीं ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। इसके लिये भी राजनैतिक दलों को प्रचार प्रसार के लिये अनुमति लेनी पड़ेगी। साथ ही जिले के सभी शस्त्र लायसेंसों को निलंबित करते हुये संबंधित थाना में एक सप्ताह के अन्दर जमा कराने के भी निर्देश दिये गये हैं।
तीनों विस में हैं 7 लाख 8 हजार 823 मतदाता
प्राप्त ऑकड़ों के अनुसार चितरंगी विधानसभा क्षेत्र में पुरुष मतदाताओं की संख्या 1 लाख 29 हजार 941, महिला 1 लाख 21 हजार 162 तथा कुल मतदाताओ की संख्या 2 लाख 51 हजार 103 है। विधानसभा क्षेत्र सिंगरौली में पुरुष मतदाताओं की संख्या 1 लाख 14 हजार 39 महिला मतदाताओं की संख्या 1 लाख 2 हजार 534 थर्ड जेंडर मतदाताओं की सख्या 6, कुल मतदाताओं की संख्या 2 लाख 16 हजार 579, विधानसभा क्षेत्र देवसर में पुरुष मतदाताओं की संख्या 1 लाख 24 हजार 229 महिला मतदाताओं की संख्या 1 लाख 16 हजार 907 थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 5, कुल मतदाताओं की संख्या 2 लाख 41 हजार 141 है।
जिले में पुरुष मतदाताओं की संख्या 3 लाख 68 हजार 209 महिला मतदाताओं की संख्या 3 लाख 40 हजार 603, थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 11 है। जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 7 लाख 8 हजार 823 है जो आगामी 17 नवंबर को जिले के कुल 815 मतदान केन्द्रों पर वोटिंग में हिस्सा लेंगे।
