Newspost, MP- Regional Desk.
सिंगरौली, मध्य प्रदेश। कठिन व प्रतिष्ठित प्रोफेशनल डिग्री चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) के 11 जुलाई को आए परीक्षा परिणाम में सफलता की दर बहुत कम रही। बावजूद इसके एक साधारण किसान के बेटे श्रीराम बैस ने चार्टर्ड एकाउंटेंट (सीए) की इस परीक्षा में सफलता हासिल कर एक नई मिसाल पेश की है। उन्होंने यह सिद्ध कर दिया है कि कठिन परिश्रम और लगन से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
उनके पिता, जगदीश प्रसाद बैस, कसर गांव के एक किसान हैं। उन्होंने अपने बेटे के सपनों को साकार करने में हर संभव समर्थन और प्रेरणा प्रदान की। उनकी मेहनत और बलिदान ने श्रीराम को इस सफलता की ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
श्रीराम शुरुआत से ही प्रतिभाशाली छात्र रहे हैं। आज वे अपने गाँव के पहले सीए बने हैं जो उनकी सच्ची लगन और कड़ी मेहनत का परिणाम है। उनके इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार को गर्वित किया है, बल्कि वे अपने गाँव और आस पास के क्षेत्र के युवाओं के लिए एक प्रेरणा के रूप में उभरे हैं।
उन्होंने अपनी इस सफलता को अपने परिवार, विशेष रूप से अपने पिता, मित्रों, शिक्षकों और उन सभी को जिन्होंने इस यात्रा में उनका समर्थन किया उन्हें समर्पित किया है।
