दिव्यांग होना कोई अक्षमता नहीं है, बल्कि ईश्वर ने उन्हें अलग ढंग से सामर्थ्य दी हैः- विधायक रामनिवास शाह
Newspost, Regional Desk, A. Anand.
सिंगरौली,14 दिसम्बर 2023। विश्व दिव्यांग दिवस पर राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के सिंगरौली के नव निर्वाचित विधायक रामनिवास शाह मुख्य अतिथि एवं नगर पालिक निगम सिंगरौली की महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल, निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, पार्षद संतोष शाह की उपस्थित रहे।
प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेन्द्र सिंह नागेश के निर्देशन एवं जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुराग मोदी के देख रेख में विश्व दिव्यांग दिवस का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सहित उपस्थित अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित विकलांगों को संबोधित करते हुये विधायक शाह ने कहा कि दिव्यांग होना कोई अक्षमता नहीं है, बल्कि ईश्वर ने उन्हें अलग ढंग से सामर्थ्य दी है। दिव्यांगों के प्रति अब देश- दुनिया में लोगों का नजरिया बदल रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन से न केवल दिव्यांग बच्चों बल्कि उनके अभिभावकों का भी उत्साहवर्धन होता है। अन्य बच्चे भी उनसे प्रेरणा लेते हैं। केन्द्र एवं राज्य सरकार दिव्यांगों के लिए लगातार कार्य कर रही है और उन्हें विभिन्न सहूलियतें दी जा रही हैं। सरकार का इस बात पर फोकस है कि कोई भी दिव्यांग शासन की योजना के लाभ से वंचित नहीं रहे। दिव्यांग सशक्त होंगे, तो समाज सशक्त होगा। उन्होंने कहा कि दिव्यांग अच्छे से पढ़ाई करें, सरकार पूरी मदद करेगी और उन्हें रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि हमें सजग रहकर दिव्यांगों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ दिलाने का कार्य करना होगा।
कार्यक्रम में उपस्थित महापौर व नगर निगम अध्यक्ष ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग हेतु मेडिकल कैम्प का आयोजन कर दिव्यांगो का मेडिकल सर्टिफिकेट प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा हरी झण्डी दिखाकर खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। जिसमें दिव्यांगों द्वारा विभिन्न प्रकार की गतिविधियो में अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में श्रवण व वाणी बाधित, दृष्टि बाधित, मानसिक मंद एवं अस्थि बाधित दिव्यांग छात्र छात्राओं ने चित्रकला, रंगोली, एकल गायन, समूह गायन, 100 मीटर दौड़, नींबू चम्मच दौड़, जलेबी दौड़ आदि में अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन दिखाया। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पाने वाले छात्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इंडियन रेडक्रास सोसयटी द्वारा वितरित किये गये उपकरणः
कार्यक्रम के दौरान रेडक्रास सोसयटी द्वारा संचालित डीडीआरसी दिव्यांग जनों के लिए पी एण्ड ओ विभाग से कृत्रिम उपकरण, आडियोमैट्री विभाग के माध्यम से मशीन से कान की जांच एवं हियरिंग एड तथा फिजियो थैरिपी विभाग द्वारा स्टाल लगाकर सभी को जागरुक करने का कार्य किया गया। वहीं चिन्हित बधिर एवं दिव्यांग व वृद्ध जनों को 14 नग कान की मशीन, 16 नग टीएमएल किट, मोटराईज्ड ट्राईसिकल 1 नग, 3 नग व्हील चेयर, 2 नग स्मार्ट केन, सहायक उपकरण अतिथियों द्वारा प्रदान कराया गया।
#Jansampark Madhya Pradesh
