📌 गोरबी- सिंगरौली के मुख्य मार्ग पर हुई यह दुर्घटना

Newspost, Regional MP Desk.

सिंगरौली, मध्य प्रदेश। शनिवार की सुबह गोरबी सिंगरौली मुख्य मार्ग पर हुई एक पीड़ादायक दुर्घटना में पति के साथ बीएड की परीक्षा देने के लिए निकली एक महिला की जान चली गई। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर मोरवा निरीक्षक कपूर त्रिपाठी गोरबी चौकी प्रभारी भिपेंद्र पाठक के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों को शांत कराकर शव को पीएम हेतु भिजवाया।

कैसै हुई यह अनहोनी…

प्राप्त जानकारी के अनुसार विपिन कुमार तिवारी अपनी पत्नी सरला तिवारी को बीएड की परीक्षा दिलाने के लिए देवसर से बैढन जा रहे थे। परंतु बरगवां से वह मार्ग भटक गये और सिंगरौली की तरफ आने लगे। बाइक पर सवार दोनों पति पत्नी जब परेवा नाला के समीप पहुंचे तो पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रेलर क्रमांक एमपी 66 जेडसी 1246 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। इस दुर्घटना से सरला तिवारी बाइक से नीचे गिर गई। उसके सिर में गंभीर चोट आने की वजह से उसकी वहीं मृत्यु हो गई। इधर चालक वाहन छोड़ फरार हो गया। 

प्रकरण दर्जकर ‌आरोपी चालक को तलाशने में जुटी पुलिस

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार बड़े वाहनों से हो रही दुर्घटना को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। तब मौके पर दलबल के साथ पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाते हुए मामले को शांत कराया। इसके बाद महिला के शव को पीएम हेतु ले जाया जा सका। इधर घटना के बाद पीड़ित के पति विपिन तिवारी को तहसीलदार सारिका परस्ते एवं एसडीओ की मोरवा कृष्ण कुमार पांडे द्वारा अंत्येष्टि हेतु राहत राशि प्रधान की गई। मोरवा पुलिस ने इस मामले को भादवि की धारा 279, 337, 304 (ए) के तहत कायम किया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *