नवनिर्वाचित भाजपा विधायक राम निवास ने जनता का जताया आभार
Newspost, MP CG, A. Anand, सिंगरौली.
मध्य प्रदेश के विधानसभा क्षेत्र 80 सिंगरौली से रविवार को हुई मतों की गिनती में लगभग 38 हजार मतों के भारी अंतर से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की रेनू शाह को पछाड़ विजयश्री हासिल करने के बाद सोमवार को नवनिर्वाचित विधायक राम निवास शाह को समर्थकों व कार्यकर्ताओं द्वारा निकाली गई विजय रैली में लोगों ने फूल मालाओं से लाद दिया। बैढ़न में जगह जगह आम नागरिकों ने स्वागत अभिनंदन किया तथा गल्ला मंडी में उन्हें लड्डुओं से तौला गया।

रैली के दौरान निर्वाचित विधायक राम निवास शाह ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, जिलाध्यक्ष राम सुमिरन गुप्ता, संगठन के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ ही सिंगरौली के सभी मतदाताओं का आभार जताया है। रैली के दौरान प्रमुख रूप से नगर निगम के अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, पूर्व सीडा उपाध्यक्ष नरेश शाह आदि प्रमुख रूप से सम्मिलित रहे।
ज्ञात हो कि एमपी के विंध्य रीजन में सिंगरौली एक ऐसा जिला है जिसमें 3 विधानसभा सीटें क्रमशः सिंगरौली, देवसर व चितरंगी में 2018 में इन तीनों क्षेत्रों से भाजपा के विधायक रहे। इस बार 2023 के विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी ने इन क्षेत्रों से विधायकों का टिकट काट दिया और नये उम्मीदवारों को मैदान में उतार दिया था। चितरंगी को छोड़कर सिंगरौली व देवसर में भारी भितरघात के बावजूद भाजपा इन तीनों सीटों पर भारी बढ़त के साथ विजयश्री हासिल किया है।
