मुख्यमंत्री द्वारा श्रावण मास में ₹ 450 का गैस सिलेंडर देने की घोषणा के बाद महिलाओं में मचा है हंगामा
MP Desk, RB Singh ‘Raaz’, सीधी.
बीते दिवस लाड़ली बहना सम्मेलन में प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा श्रावण मास में लाड़ली बहनों को 450 रुपए में गैस सिलेंडर दिलाने की बात को लेकर ग्रामीण महिलाएं गैस सिलेंडर लेने के लिए गैस एजेंसियां पहुंच रही हैं और जब उन्हें गैस एजेंसियों द्वारा 450 रुपए में गैस नहीं मिलता तो वो मुख्यमंत्री अपने भाई को कोसती हुई बैरंग लौट रही हैं।
बीते दिनों की गई मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद यह बात प्रदेश भर में आग की तरह गांव-गांव में फैल गई कि लाड़ली बहनों को 450 रुपए में गैस मिलने लगेगी। वर्षों से जिन बहनों ने गैस नहीं भराई थी वो अपने खाली सिलेंडर लेकर गैस एजेंसियों में भरवाने के लिए पहुंचने लगी हैं। लाड़ली बहनों को गैस सिलेंडर कितना उपयोगी है मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद पता चल रहा है।
लाडली बहनों में आक्रोश
लाड़ली बहनों का कहना है कि मुख्यमंत्री 1 हजार रुपए के स्थान पर यदि 450 रुपए में गैस सिलेंडर दिलाने लगें तो बहनों को चूल्हा जलाने से राहत मिल जाएगी। मुख्यमंत्री ने श्रावण मास में गैस सिलेंडर 450 रुपए में देने की घोषणा तो कर दी है किंतु श्रावण मास 5 दिन बाद समाप्त हो जाएगा। जबकि यदि मुख्यमंत्री 450 रुपए में गैस सिलेंडर लाड़ली बहनों को दिलाना भी चाहें तो इस प्रक्रिया में महीनों लग जाएगा। ऐसी स्थिति में लाड़ली बहना नाराज हो जाएंगी और इसका खामियाजा आने वाले विधानसभा चुनाव में सरकार को उठाना पड़ सकता है।
डीबीटी से हो सकता है समाधान
लाड़ली बहनों के खाते में मुख्यमंत्री सीधे गैस की राशि 680 रुपए राशि भेज दें तो लाड़ली बहना 450 रुपए स्वयं से देकर गैस भरा सकती हैं। इसके अतिरिक्त दूसरा और कोई तत्कालीन रास्ता मुख्यमंत्री के पास नहीं है। गैस के दाम बढऩे से 95 प्रतिशत उज्जवला योजना के सिलेंडरों की रिफिल नहीं हो रही है।

कांग्रेस सरकार देगी 5 सौ में गैस: बसुधा
इस मामले को लेकर कांग्रेस अब मुखर हो रही है। कांग्रेस नेत्री बसुधा सिंह ने कहा कि लाड़ली बहनों को 450 रुपए में गैस देने की घोषणा महज एक दिखावा है। ऐसी घोषणाएं कर लाड़ली बहनों की गरीबी का मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मजाक उड़ा रहे हैं। यदि उन्हें 450 रुपए में गैस देना होता तो बहनों को खातों में 680 रुपए गैस सिलेंडर के लिए राशि भेज दी जाती। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन के सौगात के नाम पर लाड़ली बहनों को 250 रुपए खाते में डालकर बहनों की गरीबी का मजाक उड़ाया गया है। 250 रुपए में एक किलो लड्डू तक नहीं मिलता। ऐसी स्थिति में बहनें रक्षाबंधन का त्यौहार कैसे मनाएंगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर बहनों को 500 रुपए में गैस सिलेंडर मिलने लगेगा।
