Bihar/Gopalganj.
बिहार के गोपालगंज में कोलकाता से आई एक किन्नर की हत्या कर दी गई. घटना जिले के फुलवरिया थाना क्षेत्र के श्रीपुर ओपी क्षेत्र के मिश्रबतरहां गांव की है. गत बुधवार को चाकू से गला रेतकर किन्नर की नृशंस हत्या का मामला प्रकाश में आया.
घटना की सूचना के बाद श्रीपुर पुलिस चौकी इंचार्ज अशोक कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
कोलकाता की थी मृतक किन्नर:
मृतक किन्नर की पहचान कोलकाता की प्रिया किन्नर के रूप में हुई है. वह किराये के मकान में रहकर अपने ऑर्केस्ट्रा का संचालन करती थी. हत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है. इस घटना से स्थानीय किन्नरों में आक्रोश है.
पुलिस कर रही छानबीन :
श्रीपुर चौकी प्रभारी अशोक कुमार के साथ घटनास्थल पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पहुंचे हथुआ एसडीपीओ अनुराग कुमार ने मामले की छानबीन की.
एसडीपीओ अनुराग कुमार ने बताया कि”अभी घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है. इस संबंध मे एफएसएल टीम को सूचित किया गया है. जांच के बाद ही घटना का खुलासा हो सकेगा. पुलिस छानबीन में जुटी है, जल्द ही हत्यारे गिरफ्तार होंगे।
गोपालगंज एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि मामले की जांच के लिए एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया है. कांड के खुलासे को लेकर हथुआ एसडीपीओ अनुराग कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है. जिसमें मीरगंज इंस्पेक्टर ललन कुमार, फुलवरिया थानाध्यक्ष अब्दुल मजीद, श्रीपुर चौकी प्रभारी आशोक कुमार और डीआईयू की टीम को शामिल किया गया है
