Regional Desk,RB Singh ‘Raaz’, सीधी
देश की आजादी की 76वीं वर्षगांठ अमृत महोत्सव के रूप में पूरे जिले में हर्षोल्लास से मनायी गयी। सीधी जिला मुख्यालय पर स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउण्ड पर पूरे उत्साह और गरिमामय ढंग के साथ सम्पन्न हुआ जहां समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्टर साकेत मालवीय ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान राष्ट्रगान का गायन हुआ। तत्पश्चात् कलेक्टर ने परेड का निरीक्षण किया, इस दौरान पुलिस अधीक्षक डाॅ रविन्द्र वर्मा भी उनके साथ रहे।
मुख्य अतिथि द्वारा समृद्धि के प्रतीक रंगीन गुब्बारे नील गगन में छोड़ने के पश्चात मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान के संदेश का वाचन किया गया, तत्पश्चात परेड द्वारा तीन बार हर्ष फायर किया गया। सूबेदार भागवत प्रसाद पाण्डेय के कमाण्ड में आकर्षक मार्च पास्ट किया गया। परेड के उप कमाण्डर उप निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह राजपूत पुलिस थाना बहरी रहे। इसमें उप निरीक्षक बीडी रावत के नेतृत्व में 9वीं वाहिनी एसएएफ ई कंपनी कैम्प सीधी, उप निरीक्षक तरुण कुमार बेड़िया के नेतृत्व में जिला पुलिस बल सीधी, प्लाटून कमाण्डर चंद्रकांत तिवारी के नेतृत्व में जिला होम गार्ड, वन क्षेत्रपाल पवन कुमार ताम्रकार के नेतृत्व में वन विभाग सीधी, अतुल कुमार दुबे के नेतृत्व में सीनियर एनसीसी संजय गांधी स्मृति महाविद्यालय सीधी, कार्तिकेय मिश्रा के नेतृत्व में जूनियर एनसीसी उत्कृष्ट विद्यालय सीधी, अभय सिंह के नेतृत्व में जूनियर एनसीसी गणेश सीनियर सेकेंड्री स्कूल पड़रा सीधी, उज्ज्वल सिंह चैहान के नेतृत्व में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2 सीधी, उज्ज्वल सिंह परिहार के नेतृत्व में सरस्वती उमावि मड़रिया, उमा नवैत के नेतृत्व में सीएम राइज कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीधी,अनीश तिवारी के नेतृत्व में ज्योति हायर सेकेंड्री स्कूल पटेल पुल सीधी, सोनल भारती के नेतृत्व में शासकीय आदर्श कन्या हाई स्कूल सीधी, मधू कोल के नेतृत्व में शौर्य दल महिला एवं बाल विकास सीधी तथा गाॅधी विद्यालय के बैण्ड दल द्वारा आकर्षक परेड का प्रदर्शन कर मुख्य अतिथि को सलामी दी गई।

समारोह में मुख्य अतिथि श्री मालवीय ने वीर शहीदों के परिजनों तथा लोकतंत्र के प्रहरियों का शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया। समारोह में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने देश भक्ति से ओतप्रोत करने वाले गीतों और नृत्यों के साथ मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
इसके उपरांत मुख्य अतिथि कलेक्टर साकेत मालवीय, सांसद रीती पाठक, विधायक सीधी केदारनाथ शुक्ल, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू रामजी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ रवींद्र वर्मा द्वारा जिले के उत्कृष्ट कार्य करनें वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किये गये।
सम्मान एवं पुरस्कार वितरण समारोह की श्रृंखला में सर्वोत्तम परेड सीनियर का पुरस्कार जिला 9वीं वाहिनी एसएएफ ई कंपनी को दिया गया। परेड सीनियर का द्वितीय पुरस्कार होमगार्ड एवं तृतीय पुरस्कार जिला पुलिस बल सीधी को दिया गया। सर्वोत्तम परेड जूनियर का पुरस्कार जूनियर एनसीसी उत्कृष्ट विद्यालय सीधी को दिया गया। परेड जूनियर का द्वितीय पुरस्कार जूनियर एनसीसी गणेश सीनियर सेकण्डरी स्कूल पड़रा सीधी एवं तृतीय पुरस्कार शासकीय उ.मा.वि. क्रमांक-2 को दिया गया। गाॅधी विद्यालय के बैण्ड दल को विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रथम पुरस्कार एकलब्य पब्लिक हायर सेकेंड्री स्कूल सीधी को, द्वितीय शासकीय उत्कृष्ट उ.मा.वि. सीधी तथा तृतीय शासकीय सीएम राइज कन्या उ.मा.वि. सीधी को प्रदान किया गया। कार्यक्रम में उद्घोषणा का दायित्व डॉ. संदीप पाण्डेय प्राध्यापक शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय रीवा तथा सहायक उद्घोषक का दायित्व डॉ. डी.के द्विवेदी सहायक संचालक आदिवासी कार्य विभाग एवं उषारानी श्रीवास्तव द्वारा निभाया गया।
