तीसरी बार हुई चोरी की घटना की जांच में जुटी सिंगरौली पुलिस
News Desk
मध्य प्रदेश के सिंगरौली, बैढऩ के प्रसिद्ध पचौर शिव मंदिर में इस बार श्रावण मास में अज्ञात चोरों ने धावा बोल भोले नाथ के कंठहार नाग देवता की मूर्ति को ही चुरा लिया है। इसके पहले चोरों ने दान पेटी व हनुमान जी के आंख में लगी चांदी को चुराया था। लेकिन चोरों को ढूंढने में पुलिस को अब तक सफलता नहीं मिली है।
यह अति प्राचीन शिव मंदिर बताया जाता है। अज्ञात चोरों ने इस बार भगवान भोलेनाथ के प्रतिमा पर स्थापित की गई पीतल की नाग मूर्ति को ही चुरा लिया। प्रातः नाग की मूर्ति गायब थी। यह बात पूरे पचौर में आग की तरह फैल गयी। शिवभक्तों ने मंदिर पहुंच कर देखा तो नाग प्रतीक मूर्ति नहीं थी।
इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी गयी और पुलिस मौके पर पहुंच जांच पड़ताल शुरू की है। टीआई सुधेश तिवारी ने बताया कि मंदिर में दो पुजारी हैं। इन्हीं के बीच आपसी खींचातानी चल रही है। जांच में प्रथम दृष्टया पुजारी की लापरवाही सामने आयी है। मंदिर के गेट में ताला नहीं लगाया गया था। अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।
यह इस मंदिर में हुई तीसरी चोरी की घटना बताई जा रही है। उसके पहले दान पेटी तथा भगवान हनुमान जी के चांदी के आंख को अज्ञात चोरों ने पार कर दिया था। जिसका खुलासा आज तक नहीं हो पाया है।
