Newspost, State Desk, RB Singh 'Raaz'.

मध्य प्रदेश की प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा, श्रीमती रश्मि अरुण शमी ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से बोर्ड परीक्षाओं के तैयारियों की समीक्षा की। प्रमुख सचिव ने कहा कि सभी कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक बोर्ड परीक्षाओं से पहले आवश्यक तैयारियाँ कर लें। कलेक्टर केन्द्राध्यक्षों की बैठक लेकर उन्हें बोर्ड परीक्षाओं के दौरान व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए सचेत कर दें। बोर्ड परीक्षाओं में यदि कोई गड़बड़ी करता है तो उसके विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करें। बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्न पत्र पुलिस की अभिरक्षा में रहेंगे। केन्द्राध्यक्ष पूरी सुरक्षा के साथ प्रश्नपत्र परीक्षा केन्द्र तक ले आएं। परीक्षा केन्द्र में आने से पहले प्रश्नपत्रों की गोपनीयता भंग होने पर कलेक्टर तत्काल कार्यवाही करें। बोर्ड परीक्षाओं के कार्यक्रम जारी कर दिए गए हैं। कलेक्टरों की अनुसंशा पर ही परीक्षा केन्द्रों तथा केन्द्राध्यक्षों का निर्धारण किया गया है। सभी केन्द्राध्यक्षों को दिए गए निर्देशों से अवगत कराकर उनका पालन सुनिश्चित कराएं।

प्रमुख सचिव ने कहा कि पुलिस अधीक्षक सभी परीक्षा केन्द्रों में आवश्यक पुलिस बल व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मोबाइल टीम भी तैनात करें। बोर्ड परीक्षाओं के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बनाकर समस्त प्रमुख सूचनाएं इसके माध्यम से उपलब्ध कराएं। कंट्रोल रूम में जिम्मेदार अधिकारी तैनात करें। दूरस्थ परीक्षा केन्द्रों में विशेष निगरानी रखें। परीक्षा केन्द्र में मोबाइल फोन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। यदि कोई व्यक्ति अथवा परीक्षार्थी मोबाइल फोन लेकर आता है तो परीक्षा केन्द्र में प्रवेश करने से पहले उसका फोन ले लें तथा उसे सुरक्षित रखने की समुचित व्यवस्था करें। परीक्षा केन्द्रों में स्वच्छ पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करें। प्रमुख सचिव ने बोर्ड परीक्षाओं के संचालन के संबंध में विस्तार से निर्देश दिए। 

एनआईसी के वीडियो कान्फ्रेंसिंग रूम से कलेक्टर साकेत मालवीय, पुलिस अधीक्षक डॉ रविन्द्र वर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, अपर कलेक्टर राजेश शाही, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ प्रेमलाल मिश्रा तथा एपीसी रमसा डॉ. सुजीत कुमार मिश्रा वीडियो कान्फ्रेंसिंग में शामिल हुए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *