एनसीएल के निगाही परियोजना के आवासीय परिसर में हुआ हादसा, परिजन 5 घंटे तक घटनास्थल पर ही जमे रहे, कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समझाइस के बाद परिजन हुए शांत
News Desk, Singrauli, MP.
सिंगरौली के नवानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनसीएल के निगाही क्षेत्र की कॉलोनी में स्थित ऑफिसर्स क्लब के पास आज प्रातः 8.30 बजे अज्ञात ट्रैक्टर की टक्कर से मोटरसायकिल सवार एक नाबालिक सहित दो की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद अज्ञात ट्रैक्टर को लेकर चालक फरार हो गया। हादसे की खबर के बाद घटनास्थल पर परिजनों व अन्य लोगों की भीड़ एकत्रित हो गयी और मुवावजे की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन करने लगे। सूचना के बाद तहसीलदार सिंगरौली, नवानगर टी आई कपूर त्रिपाठी, वैढ़न टी आई सुधेश तिवारी व विन्ध्यनगर टी आई श्री वाजपेयी दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे।
घटना के संबंध में नवानगर टीआई श्री त्रिपाठी ने बताया कि मृतक समीर वर्मा उम्र 18 वर्ष निवासी डिबुलगंज सोनभद्र व विकास वर्मा पुत्र भगत वर्मा निवासी बनौली उम्र लगभग 16 वर्ष पल्सर मोटरसाइकिल से नवानगर से निगाही कालोनी होते हुए ग्राम बनौली जा रहे थे। वे जैसे ही निगाही ऑफिसर्स क्लब के पास पहुंचते हैं वहां अज्ञात ट्रैक्टर से मोटरसाइकिल की सीधी टक्कर हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल चालक समीर वर्मा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि मोटरसाइकिल सवार नाबालिक विकास वर्मा की मृत्यु वाराणसी ले जाने के दौरान रास्ते मे हो गयी।
टीआई त्रिपाठी ने बताया कि हादसे के बाद पीड़ित परिजन सहित सैकड़ों की संख्या में भीड़ एकत्रित हो गई थी और मुआवजे की मांग पर अड़ गए। स्थिति नियंत्रित करने वैढन व विन्ध्यनगर की पुलिस टीम को बुलाना पड़ा। सिंगरौली तहसीलदार व हल्का पटवारी घटनास्थल पर पहुंचे और तहसीलदार की समझाइस के बाद परिजनों ने धरना बंद किया जिसके पश्चात पंचनामा की कार्यवाही पूरी कर पीएम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। नवानगर पुलिस धारा 279, 337, 304 A के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में जुट गई है।
