Newspost, Crime Desk. सिंगरौली, मध्य प्रदेश।

बैंक ऑफ महाराष्ट्र की बैढ़न ब्रांच में गत शुक्रवार को की गई डकैती की बड़ी घटना में डेहरी ऑन सोन से पकड़े गए आरोपी कमलेश कुमार ने पूछताछ में बताया कि वह और उसके दो अन्य साथी सिंगरौली (मोरवा थाना क्षेत्र) में वार्ड क्रमांक 8 में स्थित बड़ी मस्जिद के बगल में बदामी देवी के मकान में मजदूर बताकर किराए पर रहे। दो अन्य साथी घटना से कुछ दिन पहले उनसे जुड़े और योजनाबद्ध तरीके से डाका डाला गया। यह आरोपी 8 दिन की पुलिस रिमांड पर हैं। आज सोमवार तक एक और आरोपी को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है, अन्य की तलाश जारी है।

इसी मकान में 👆🏻 किराए से रहते थे बैंक के लुटेरे

पुलिस पूछताछ में आरोपी कमलेश कुमार ने खुलासा किया है कि लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने एक माह पहले से ही योजना बनानी शुरू कर दी थी। मोरवा थाना क्षेत्र में बड़ी मस्जिद के समीप बदामी देवी के मकान को किराए पर लिया था। मकान किराए पर लेते समय उन्होंने खुद को मजदूर बताया था। शुरुआत में वहां केवल तीन लोग रह रहे थे, लेकिन घटना से कुछ दिन पहले उनके दो अन्य साथी भी वहां पहुंच गए थे। आरोपी ने बताया है कि वे सुबह मकान से निकल जाते और देर शाम तक बैंक तथा आसपास के क्षेत्र की रेकी कर वापस लौटते थे। पूछताछ में वारदात की एक एक कड़ियों का खुलासा हो रहा है।

बिहार व झारखंड से है डकैतों का संबंध- पुलिस 

आरोपी कमलेश से बयान के अनुसार कोतवाली पुलिस रविवार शाम बदामी देवी के मकान पर पहुंची और ताला तुड़वाकर वहां से पुलिस ने कुछ अहम सुराग जुटाने का प्रयास भी किया। मकान मालकिन से पूछताछ भी की। इधर फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें बिहार और छत्तीसगढ़ में लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी आरोपी कमलेश कुमार से लगातार गहन पूछताछ कर रहे हैं। बैंक डकैती में फंटूश उर्फ ननकी/ननकू निवासी नालंदा बिहार, राजेश कुमार निवासी गिरिडीह, छोटू तथा पंकज शर्मा निवासी सिंहभूम झारखंड शामिल बताए गए हैं। पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed