भारतीय रेल की महत्वपूर्ण उपलब्धियों से जुड़ा है श्री खंडेलवाल का नाम
Newspost, National Desk. @RohitGupta
Hajipur/Singrauli.
रेलवे बोर्ड में प्रमुख कार्यकारी निदेशक (गति शक्ति) के पद पर पदस्थ रहे ए.के. खंडेलवाल ने दिनांक 30.10.2023 को पूर्व मध्य रेल के नए महाप्रबंधक का पदभार ग्रहण कर लिया है।
श्री खंडेलवाल ‘‘भारतीय रेलवे इंजीनियरिंग सेवा‘‘ (आईआरएस) के 1987 बैच के एक ख्याति प्राप्त अधिकारी हैं। आपने एम.एन.आई. टी., जयपुर से सिविल इंजीनियरिंग संकाय में स्नातक तथा आई.आई.टी, रूड़की से एम. टेक की डिग्री प्राप्त किया है।
34 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, श्री खंडेलवाल ने भारतीय रेलवे को बुनियादी ढांचे के निर्माण और रखरखाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आपकी देख-रेख में भारतीय रेल के कई महत्वपूर्ण पुलों, इमारतों और रेलवे ट्रैक सहित अन्य निमार्ण परियोजनाओं को पूरा किया गया है। आपने दक्षिण मध्य रेलवे में एईएन/बेल्लमपल्ली के रूप में अपनी रेल सेवा शुरू की और उसके बाद आप दक्षिण रेलवे, उत्तर रेलवे, रेलवे बोर्ड तथा चुनौतीपूर्ण उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक प्रोजेक्ट में अपनी महत्वपूर्ण सेवा दे चुके हैं।
महत्वपूर्ण उपलब्धियां:
आपने उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक प्रोजेक्ट के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण के रूप में कार्य करते हुए दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल, चिनाब ब्रिज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। रेलवे बोर्ड में कार्यकारी निदेशक/ट्रैक मशीन के रूप में कार्य करते हुए आपने एक उल्लेखनीय उपलब्धि के रूप में भारत को ट्रैक मशीन के आयातक से नियार्तक में बदल दिया।
वर्ष 2016-17 में रेलवे बोर्ड में कार्यकारी निदेशक/एनएफआर के पद पर कार्य करते हुए आपने एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल किया। इस दौरान भारतीय रेल को गैर-किराया राजस्व के रूप में रु. 10,368 करोड़ प्राप्त हुआ जो कुल राजस्व का 6.2 प्रतिशत था।
आपके कौशल को ध्यान में रखते हुए रेलवे बोर्ड ने आपको गति शक्ति निदेशालय, रेलवे बोर्ड के पहले प्रधान कार्यकारी निदेशक के रूप में नियुक्त किया। इस पद पर कार्य करते हुए आपने परियोजनाओं की योजना बनाने, मंजूरी देने और निगरानी करने के लिए एक दूरदर्शी एवं सकारात्मक दृष्टिकोण को बढ़ावा दिया जिसके परिणामस्वरूप भारतीय रेलवे द्वारा वर्ष 2022-23 में अब तक की सर्वाधिक रेलवे ट्रैक की कमीशनिंग की गयी।
खेलों से रहा है गहरा लगाव:
आपकी खेलकूद के क्षेत्र में भी गहरी रुचि है तथा आप राज्य स्तर पर बास्केटबॉल भी खेल चुके हैं। आपके उत्तर रेलवे के क्रीड़ा संघ के प्रेसीडेंट पद पर रहते वर्ष 2021-22 में उत्तर रेलवे की टीम सवर्श्रेष्ठ खेल प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित उपाधि जीतने में सफल रही।
आपने उच्च स्तरीय अध्ययन हेतु आईएनएसईएडी/सिंगापुर, आईसीएलआईएफ/मलेशिया और इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस, हैदराबाद में स्ट्रैटेजिक मैनेजमेंट प्रोग्राम में भाग लिया है। यह जानकारी सीपीआरओ वीरेन्द्र कुमार ने साझा की है।
