रेलखंड पर स्थित स्टेशनों एवं कोल साइडिंग का लिया जायजा

Newspost, Corporate Desk. @RohitGupta

सिंगरौली/हाजीपुर। पूर्व मध्य रेल के नव पदस्थ महाप्रबंधक अनिल कुमार खंडेलवाल ने सोमवार, दिनांक 06.11.2023 को सिंगरौली-करैला रोड-ओबरा डैम-चोपन एवं करैला रोड-शक्तिनगर रेलखंड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने रेलवे ट्रैक एवं उसके अनुरक्षण सहित रेल संरक्षा से संबंधित अन्य बिन्दुओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने इस रेलखंड पर स्थित स्टेशनों एवं कोल साइडिंग तथा निर्माणाधीन दोहरीकरण परियोजनाओं का भी निरीक्षण किया।

महाप्रबंधक ने सबसे पहले सिंगरौली स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संरक्षा, सुरक्षा, यात्री सुविधाओं और साफ-सफाई आदि से जुड़े विभिन्न पहलुओं का गहन मुआयना किया। इसके साथ ही उन्होंने रनिंग रूम, रिले रूम, क्रू लॉबी का निरीक्षण किया और रनिंग स्टाफ से रूबरू हुए।

करैला रोड-शक्तिनगर दोहरीकरण परियोजना के
अनपरा-कृष्णशिला रेलखंड पर चल रहे दोहरीकरण कार्य की समीक्षा की

इसी क्रम में महाप्रबंधक ने करैला रोड-शक्तिनगर दोहरीकरण परियोजना के अंतर्गत अनपरा-कृष्णशिला रेलखंड पर चल रहे दोहरीकरण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने इस परियोजना के एक निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से परियोजना के प्रगति के बारे में चर्चा की।

इसके उपरांत महाप्रबंधक ने नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) के दुद्धीचुआ कोल खदान एवं कोल साइडिंग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मालगाड़ियों के डिब्बे में कोयले की लोडिंग की प्रक्रिया का जायजा लिया और अधिकारियों से इसे और अधिक बेहतर करने पर चर्चा की। इसके उपरांत उन्होंने साइडिंग के विस्तार एवं कोल लोडिंग बढ़ाने हेतु नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के अधिकारियों के साथ चर्चा भी की।

रमना-सिंगरौली दोहरीकरण परियोजना पर चल रहे दोहरीकरण के कार्यों का भी किया निरीक्षण

महाप्रबंधक ने रमना-सिंगरौली दोहरीकरण परियोजना पर चल रहे दोहरीकरण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने इस परियोजना के अंतर्गत ओबरा डैम पर निर्माणाधीन पुल सं.-7 का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से परियोजना के प्रगति के बारे में चर्चा की।

निरीक्षण के क्रम में महाप्रबंधक द्वारा महदेइया, शक्तिनगर, कृष्णशिला एवं अनपरा स्टेशनों का भी निरीक्षण किया गया तथा यात्री सुविधाओं और साफ-सफाई से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया। इसके साथ ही महाप्रबंधक द्वारा चोपन वाशिंग पिट एवं कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यालय के विभागाध्यक्ष, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण/दक्षिण एवं धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री कमल किशोर सिन्हा सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *