Northern Coalfields Limited के सीएमडी (Chairman cum Managing Director) पद पर अंतिम दिन दिया भावनात्मक संदेश

Newspost, Corporate Desk. @rohitgupta

मध्य प्रदेश के धुर पूर्वोत्तरी जिले सिंगरौली में कार्यरत कोल इंडिया लिमिटेड की अनुषांगिक मिनी रत्न कंपनी Northern Coalfields Limited (एनसीएल) के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक (CMD) बी. साईराम जिनका चयन भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के अधीन कार्यरत लोक उद्यम चयन बोर्ड (PESB) द्वारा कोल इंडिया के नये चेयरमैन के पद के लिए बीते 20 सितंबर 2025 को किया गया था, उन्होंने विभागीय क्लियरेंस मिलने के बाद आज मंगलवार, 16 दिसंबर को चेयरमैन कोल इंडिया का पद संभाल लिया है।

चयन प्रक्रिया में शामिल थे कुल 11 अभ्यर्थी

पीएस‌ईबी ने सीआईएल, सीसीएल, एनसीएल, एम‌ईसीएल, पेट्रोलियम, रेलवे, नाल्को, एन‌एमडीसी, पीएसीएल, इनकम टैक्स आदि संस्थानों के कुल 11 अभ्यर्थियों में से एनसीएल के सीएमडी बी. साईराम को नये कोल इंडिया चेयरमैन के रूप में चुना गया था। इस बड़े पद हेतु एनसीएल सीएमडी साईराम के अलावा कोल इंडिया के निदेशक मुकेश चौधरी, एम‌ईसीएल के सीएमडी इंद्र देव नारायण, सीसीएल के सीएमडी नीलेंदु कुमार सिंह, नाल्को के निदेशक पंकज कुमार शर्मा, एन‌एमडीसी के निदेशक विश्वनाथ सुरेश, इंडियन ऑयल के निदेशक विनय कुमार व अनुज जैन, पीएसीएल के डायरेक्टर  हेमंत कुमार दास एवं वित्त मंत्रालय के अधीन मुख्य आयुक्त इनकम टैक्स आलोक सिंह शामिल थे।

बतौर सीएमडी एनसीएल बी साईराम ने एनसीएल कर्मियों के नाम दिया संदेश, लिक्विड ट्री का किया उद्घाटन

सोमवार को एनसीएल में बतौर सीएमडी अपने अंतिम कार्य दिवस पर श्री साईराम ने एनसीएल के अनुसंधान एवं विकास (R&D) प्रयासों के अंतर्गत एनसीएल मुख्यालय में “लिक्विड ट्री” का उद्घाटन किया। यह पहल माइक्रोएल्गी आधारित तकनीक के माध्यम से कार्बन अवशोषण एवं स्वच्छ वायु उत्सर्जन की दिशा में एक अभिनव कदम है। 

इसी दिन मोरवा विस्थापन मंच से जुड़े कंपनी के निकटवर्ती लोगों से शिव मंदिर प्रांगण में भेंट कर संवाद किया।

कोल इंडिया लिमिटेड (Coal India Limited) के चेयरमैन (CMD) का दायित्व संभालने से पहले उन्होंने एनसीएल के समस्त कर्मियों के नाम एक भावनात्मक एवं प्रेरणादायी संदेश प्रेषित किया। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि एनसीएल की उपलब्धियाँ किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे संगठन की सामूहिक मेहनत और प्रतिबद्धता का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि एनसीएल से जुड़कर यह अनुभव हुआ कि समेकित, समयबद्ध और सहभागितापूर्ण प्रयासों से असंभव दिखने वाले लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं। 

श्री साईराम ने कहा- यह देश का सबसे बड़ा विस्थापन

जयंत विस्तारीकरण परियोजना के क्रियान्वयन जैसे उदाहरणों का उल्लेख करते हुए, उन्होंने स्थानीय समुदाय के साथ पारदर्शी संवाद और सतत विश्वास निर्माण को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने यह भी कहा कि इसी दृष्टिकोण के कारण कंपनी देश के सबसे बड़े खनन पुनर्वास (विस्थापन) कार्यक्रमों में से एक को सफलतापूर्वक आगे बढ़ा सकी। 
श्री साईराम ने अपने संदेश में कहा कि एनसीएल का निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर्मियों के सामूहिक नेतृत्व, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना का प्रत्यक्ष प्रतिबिंब है। नेतृत्व कोई एकल प्रयास नहीं, बल्कि एक निरंतर चलने वाला रिले रेस है, जिसमें प्रत्येक सदस्य अपनी भूमिका पूरी निष्ठा से निभाता है।
उन्होंने कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले समय में नीतियों को वास्तविक परिणामों में बदलना, समुदाय का विश्वास जीतना तथा कर्मचारियों से जुड़ाव को और सशक्त करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने एम्पैथी के साथ ऑपरेशनल एफिशिएंसी, सहभागी नेतृत्व, सत्यनिष्ठा एवं नैतिक आचरण को संगठनात्मक सफलता की आधारशिला बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि कोल इंडिया की इस परिवर्तनकारी यात्रा का उत्प्रेरक प्रत्येक कर्मचारी को बनना होगा।  
श्री साईराम के नेतृत्व में एनसीएल ने वित्त वर्ष 2024-25 में आधुनिकीकरण, संरचना विकास एवं भूमि अधिग्रहण, सामाजिक उत्तरदायित्व डिजिटल परिवर्तन, प्रशिक्षण, महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण मानकों पर उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित कीं।   
एनसीएल परिवार ने श्री बी. साईराम के नेतृत्व, दूरदृष्टि और योगदान के लिए कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं तथा विश्वास जताया है कि उनके मार्गदर्शन में कोल इंडिया लिमिटेड नई ऊँचाइयों को स्पर्श करेगी।

एनसीएल सीएमडी ने संभाली कोल इंडिया की बागडोर 

बी साईराम ने आज मंगलवार को कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन पद को आधिकारिक तौर पर संभाल लिया। इनका नियुक्ति पत्र सोमवार, 15.12.2025 को प्राप्त हुआ और आज मंगलवार को कोयला मंत्रालय द्वारा इन्हें आगामी 6 माह के लिए एनसीएल सीएमडी का भी अतिरिक्त प्रभार भी दे दिया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *