लंबे समय से फरार रु.1.64 करोड़ ठगी के मामले में शिक्षक कुंवारेलाल पनिका गिरफ्तार, 4 पूर्व में पकड़े गए, अन्य की तलाश जारी- टीआई सर‌ई

अन्य मामले में 35 शीशी कोडीन युक्त कफ सिरप के साथ मेडिकल स्टोर संचालक भी हुआ गिरफ्तार

Newspost Desk, सिंगरौली, MP.

मध्य प्रदेश के औद्योगिक जिला सिंगरौली की सरई पुलिस ने ₹ 1.64 करोड़ की नकदी की धोखाधड़ी मामले में वांछित आरोपियों में से एक आरोपी जो शिक्षक रहा है, उसे गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 जुलाई 2023 को फरियादी धर्मपाल सिंह गोंड साकिन झलरी ने सरई थाना में आकर रिपोर्ट दर्ज कराया था कि ग्राम झलरी में उसका घर और जमीन था। जिसे कम्पनी ने कोयला उत्खनन हेतु अधिग्रहण कर लिया था तथा मुआवजे के पैसे उसके खाते में भेजे थे। जिसमें से एक करोड़ 64 लाख रुपये की कुछ लोगों द्वारा ठगी कर निकाल लिये गये हैं।

इस पर थाना सरई में अपराध क्रमांक 733/23 धारा 420, 406, 120 बी भादवि कायम कर एक महिला सहित 4 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। इन आरोपियों में राजकुमार रजक, राजेश कुमार साहू, कांति प्रसाद साहू एवं एक महिला अभी भी जेल में है तथा कुछ अन्य फरार चल रहे हैं।

सरई थाने के टीआई ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार को आरोपी शिक्षक कुंवर लाल पनिका उम्र 54 वर्ष साकिन झलरी को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया। मामले में शामिल कुछ अन्य लोगों की भी सरगर्मी से तलाश जारी है। जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

मेडिकल स्टोर संचालक भी हिरासत में-

वहीं एक अन्य मामले में पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस देवसर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरई द्वारा नशे के खिलाफ की जा रही कार्यवाही में दिनांक 23/09/2023 की देर रात गजरा बहरा स्थित एक मेडिकल दुकान में छापेमारी कर अंकित तिवारी के मेडिकल दुकान के पीछे बने कमरे से 35 सीसी कोडिन युक्त कफ सिरप जप्त कर आरोपी मेडिकल संचालक को धारा 8/21, 22 एनडीपीएस एक्ट अपराध क्रमांक 1090/23 में गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमाण्ड प्राप्त कर उससे पूछताछ की जा रही है कि कफ सिरफ कहां से आई ? जाँच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।

उपरोक्त दोनों कार्यवाहियों में थाना प्रभारी सरई निरीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह की गठित पुलिस टीम में उप निरीक्षक प्रतीक सिंह बघेल, प्रआर संजय सिंह परिहार, आरक्षक रिंकू सिंह धाकर, ओम प्रकाश शर्मा, बबलू यादव शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *