फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जप्त कबाड़ को छुड़ाने का कर रहा था प्रयास

Newspost, MP Regional Desk.

एमपी के सिंगरौली जिले की कोतवाली पुलिस ने जिले के एक चर्चित कबाड़ी को शनिवार को फर्जीवाड़ा करने के साथ ही अन्य धाराओं में गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि कुछ दिन पहले पुलिस ने कबाड़ से लदे एक ट्रक को पकड़ा था। उसमें करीब 2 लाख का चोरी का लोहा लदा था। पुलिस द्वारा इस मामले में पकड़े गए चालक के विरुद्ध की जा रही जांच के दौरान कबाड़ व्यवसायी ने ट्रक को छुड़ाने के लिये जिन दस्तावेजों को प्रस्तुत किया वह सभी कूट रचित व फर्जी पाये गए। कबाड़ी उन्हीं फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जप्त कबाड़ को छुड़ाने के प्रयास में लगा था।

पुलिस ने उन दस्तावेजों को फर्जी पाये जाने पर दस्तावेज बनाने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं इस मामले में फरार चल रहा आरोपी कबाड़ी भानु प्रताप उर्फ रविनंदन सिंह शनिवार को पुलिस की गिरफ्त में आ गया। इस मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश अभी भी जारी है।

बता दें कि जिले में नवागत पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने पदभार संभाला है। उन्होंने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए निर्देश जारी किए हैं। उक्त निर्देश के बाद अति. पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा के मार्गदर्शन, न.पु.अ. विंध्यनगर पी. एस. परस्ते के नेतृत्व में थाना प्रभारी कोतवाली निरी. अशोक सिंह परिहार एवं कोतवाली पुलिस टीम को फरार कबाड़ व्यवसायी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई है।

जानकारी के अनुसार दिनांक 17.10.24 को थाना प्रभारी कोतवाली अशोक सिंह परिहार को ट्रक क्र. MP53ZB1993 में अवैध रूप से स्क्रैप लोड कर परिवहन करने की सूचना प्राप्त होने पर माजन मोड में ट्रक की घेराबंदी कर जांच की गई, जिसमें 6580 किग्रा लोहे का स्क्रैप कीमती करीबन 2 लाख रूपए का लोड होना पाया गया था।। मौके पर चालक केशव प्रसाद द्विवेदी द्वारा ट्रक में लोड स्क्रैप संबंधी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया तथा ट्रक में लोड स्क्रैप भानू प्रताप उर्फ रविनंदन सिंह निवासी माजन खुर्द द्वारा अपने कबाड़ दुकान से लोड कराना बताया गया। जिसकी बारीकी से जांच की गई जांच के दौरान ट्रक में लोड स्क्रैप पूर्णतः चोरी का होना पाये जाने पर ट्रक को जप्त कर अप.क्र. 1387/24 303(2), 317(2) बीएनएस कायम किया जाकर विवेचना में लिया गया। 

कबाड़ संचालक भानू प्रताप सिंह द्वारा जप्तशुदा ट्रक में लोड स्क्रैप का फर्जी कूटरचित बिल M/S PROBUILD ENGINEERING वर्कशाप नंदगांव के प्रोपराईटर कृष्णा कुमार यादव से तैयार कराकर ट्रक एवं स्क्रैप छुडाने का प्रयास किया जा रहा था। स्क्रैप के बिल की जांच के दौरान कूटरचित बिल होना पाये जाने पर मामले में धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस बढ़ाई गई। फर्जी कूटरचित बिल तैयार करने वाले कृष्णा कुमार यादव को पूर्व में ही गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया जा चुका था। कबाड़ व्यवसायी भानू प्रताप उर्फ रविनंदन सिंह निवासी माजन खुर्द फरार हो गया था जिसे शनिवार को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार इस प्रकरण में बहरी का बड़ा कबाड़ व्यवसाई लवलेश गुप्ता फरार बताया जा रहा है जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।

योगदान
उक्त कार्यवाही में निरी. अशोक सिंह परिहार, सउनि अरविंद द्विवेदी, उमेश द्विवेदी, पप्पू सिंह, प्रआर धर्मेन्द्र रावत, प्रआर अनिल नबैत, आर. गजेन्द्र धाकड़, टुम्मन पन्द्रे का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *