चितरंगी पुलिस ने हफ्ते भर में किया पटाक्षेप
Newspost, MP Regional Desk.
सिंगरौली, मध्य प्रदेश। नए कानूनों के प्रभावी होने के बाद पुलिस द्वारा दर्ज अपराधों की विवेचना और उन्हें सुलझाने की गति में तेजी देखी जा रही है। सिंगरौली जिले की चितरंगी पुलिस ने गत सप्ताह दर्ज की गई अंधी हत्या का खुलासा करने में सफलता प्राप्त की है।
चितरंगी पुलिस को 17 जुलाई की रात्रि में सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बसाही निवासी गुड़िया उर्फ निशा का अधजला शव घर के अंदर पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता गुप्ता, जिला सिंगरौली के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा, एसडीओपी चितरंगी आशीष जैन, थाना प्रभारी शेषमणि पटेल मय स्टाफ के घटनास्थल पर पहुंचे एवं बारीकी से घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही एफएसएल टीम, फिंगर प्रिन्ट एवं डाग स्कॉड मौके पर बुलाया गया। पाया गया कि महिला की हत्या कर उसे जला दिया गया है।
प्रकरण का सार संक्षेप-
मृतका के परिजनों, ग्रामीणजनों एवं अन्य गोपनीय सूत्रों की जानकारी से पाया गया कि मृतका विवाहित थी और उसके द्वारा अपने पति को छोड़कर एक 70 वर्षीय नूर मोहम्मद, निवासी बसाही के साथ निकाह कर लगभग 6 वर्ष पूर्व से रह रही थी। उसका एक 4 वर्षीय पुत्र है जो अपने नाना-नानी के साथ रहता है। महिला को उसके पति द्वारा वर्ष 2020 में 18 लाख का पक्का मकान एवं 2 एकड़ जमीन खरीदकर दी गई थी। जिसमें अक्सर अकेले ही रहती थी। सूत्रों एवं परिजनों से मिली जानकारी अनुसार महिला के संपर्क में कई पुरुष मित्र थे। इसी में से एक पुरुष मित्र कमलेश यादव उर्फ बोड्डा पिता बैजनाथ यादव, उम्र 33 वर्ष, निवासी बसाही, थाना चितरंगी, जिला सिगरौली (म.प्र.) भी था। उसे महिला के ऊपर शंका थी कि वह अन्य पुरुष से बात करती है। वह इससे रुष्ट और क्रोधित था। 16 जुलाई की रात्रि में उसके घर जाकर सहयोगी रामगरीब के साथ टांगी (axe) से मारकर हत्या कर दी गई और शव को घर के अंदर ही जलाने का प्रयास किया गया।
आरोपी ने घटना को इस तरह दिया अंजाम
आरोपी कमलेश उर्फ बोड्डा यादव ने पुलिस को बताया कि उसका गुड़िया निशा से करीब 14-15 साल से संबध था, किन्तु अब गुड़िया निशा उससे ढंग से बात नहीं करती थी। किसी दूसरे से बात करने व उसे घर बुलाने लगी थी। जब भी वह उससे मिलने के लिये बोलता, तो टाल मटोल कर देती थी। ये बात उसने अपने बुआ के लड़के रामगरीब यादव जो झोखो का रहने वाला है, उसको बताया तो उसने बोला कि उसको मार दो। तब वह दोनों गुड़िया निशा के घर गये, बारजे में रखी टांगी उठाई और गुड़िया निशा को मुँह से पकड़कर चारपाई में पटक दिया और टांगी से गुडिया निशा के गले पर दो बार मारा जिससे गुड़िया निशा की वहीं पर मौत हो गई। फिर कमलेश उर्फ बोड्डा व रामगरीब ने गुड़िया निशा के शव के ऊपर कपडे़ रखकर आग लगा दी। गुड़िया का मोबाईल व टांगी लेकर घर को बाहर से ताला लगाकर चाभी बाहर फेंक दी और भाग गये।
हत्या में प्रयुक्त हथियार जप्त
आरोपी के कब्जे से घटना मे प्रयुक्त रक्तरंजित टांगी व मृतका गुडिया निशा का मोबाईल फोन तथा घटना के समय आरोपी कमलेश उर्फ बोड्डा द्वारा पहने हुये रक्त रंजित कपडे जप्त किये गए एवं आरोपी को न्यायालय पेश किया गया। मामले का दूसरा आरोपी रामगरीब यादव पिता जगपति यादव निवासी झोखो थाना चितरंगी फरार है, जिसकी पता तलाश जारी है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी हेतु 10 हजार रु. का ईनाम घोषित किया गया है।
कार्यवाही में योगदान
निरीक्षक शेषमणि पटेल, निरीक्षक राकेश बैस थाना प्रभारी बहरी, उपनिरी. बी.पी. कोल ,उनि. उमेश तिवारी, सउनि. मनीष सेन, प्र.आर. लक्ष्मीकान्त मिश्रा, आर. भैयालाल यादव आर. नन्दलाल यादव, आर. मुकेश पाण्डेय, आर. सुदर्शन चौहान, आर. सर्वदानन्द राय, आर. आशीष पाल, आर. बीर सिंह, म.आर. मागी सोलंकी, सायबर सेल प्रभारी उनि. अमन बारी, आर.शोभाल वर्मा, प्रआर. सुरेश रावत (थाना बहरी), आर. प्रभात तिवारी (थाना बहरी), आर. अवधेश कुशवाहा (थाना बहरी) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
