अनियमित यात्रा के 4.87 लाख से अधिक मामलों में वसूला गया जुर्माना

Newspost, National Desk, A. Anand.

हाजीपुर/सिंगरौली। पूर्व मध्य रेल द्वारा बिना टिकट अथवा उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले यात्रियों पर कड़ी निगाह रखी जा रही है और इसकी रोकथाम के लिए निरंतर अभियान जारी है। ऐसे यात्रियों के कारण एक ओर जहां टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है वहीं दूसरी ओर रेल राजस्व की भी हानि होती है।

पूर्व मध्य रेल हाजीपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि पांचों मंडलों में अधिकारियों की अलग-अलग टीम बनाकर स्टेशन एवं ट्रेनों में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के फलस्वरूप चालू वित्त वर्ष के 14 मई 2024 तक अनियमित यात्रा के कुल 4 लाख 87 हजार 600 मामले सामने आए जिनसे जुमार्ने के रूप में लगभग 31 करोड़ 55 लाख का राजस्व प्राप्त हुआ। 

मंडलवार कार्रवाई का विवरण:

जांच अभियान के दौरान दानापुर मंडल में लगभग 01 लाख 23 हजार लोगों को बिना टिकट/उचित प्राधिकार के पकड़ा गया जिनसे दंडस्वरूप लगभग 7.67 करोड़ रुपए रेल राजस्व के रूप में प्राप्त हुआ। इसी तरह सोनपुर मंडल में 1 लाख 12 हजार लोगों से 7.32 करोड़, पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में 86 हजार 500 लोगों से 5.45 करोड़ रूपए दंडस्वरूप प्राप्त हुए। जबकि समस्तीपुर मंडल में 01 लाख से अधिक लोगों को बिना टिकट/उचित प्राधिकार के यात्रा करते हुए पकड़ा गया जिसने 7.46 करोड रूपए तथा धनबाद मंडल में 65 हजार से अधिक लोगों से 3.69 करोड़ की राशि रेल राजस्व के रूप में प्राप्त हुई।

बताया गया कि पूर्व मध्य रेल के पांचों मंडलों में बिना टिकट अथवा बिना उचित प्राधिकार यात्रा करने वाले यात्रियों की धरपकड़ हेतु निरंतर टिकट जांच की जा रही है तथा भविष्य में भी यह जारी रहेगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *