पटना और हावड़ा से सप्ताह में बुधवार को छोड़कर चलेगी 6 दिन, 532 किमी की दूरी 6 घंटे 35 मिनट में होगी पूरी

पटना-हावड़ा वंदे भारत में कुल 8 कोच में 530 सीटें, एग्जीक्यूटिव चेयर कार का किराया 2325 रुपया तथा एसी चेयर कार का 1160 रुपया

Newspost Desk, हाजीपुर, 24.09.2023

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज रविवार, 24 सितंबर को 12.30 बजे वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से पटना-हावड़ा वंदे भारत ट्रेन सहित कुल 09 वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पटना और हावड़ा के मध्य अत्याधुनिक एवं विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त सेमी हाई स्पीड वंदे भारत ट्रेन का परिचालन प्रारंभ किया गया। इस अवसर पर पटना जं. पर 10.45 बजे से एक समारोह का आयोजन किया गया जिसमें गणमान्य अतिथिगण उपस्थित रहे।

यह बिहार राज्य की दूसरी वंदे भारत ट्रेन है। पटना-हावड़ा वंदे भारत ट्रेन पटना से हावड़ा के मध्य लगभग 532 किमी की दूरी का यात्रा समय एक घंटा कम होगा। यह ट्रेन पटना और हावड़ा से बुधवार को छोड़कर सप्ताह में 06 दिन परिचालित की जायेगी।

पटना-हावड़ा वंदे भारत में कुल 08 कोच होंगे जिसमें एग्जीक्यूटिव चेयर कार श्रेणी का 01 कोच तथा वातानुकूलित चेयर कार के 07 कोच होंगे। एग्जीक्यूटिव चेयर कार में सीटों की कुल संख्या 52 तथा वातानुकूलित चेयर कार में सीटों की कुल संख्या 478 होंगी।

पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस में पटना से हावड़ा के मध्य एग्जीक्यूटिव चेयर कार का किराया 2325 रुपया तथा कैटरिंग शुल्क के साथ 2725 रुपया है जबकि वातानुकूलित चेयर कार श्रेणी में पटना से हावड़ा के बीच का किराया 1160 रुपया तथा कैटरिंग शुल्क के साथ किराया 1505 रुपया है।

इसी तरह मोकामा से हावड़ा के मध्य एग्जीक्यूटिव चेयर कार का किराया 1975 रुपया तथा कैटरिंग शुल्क के साथ 2375 रुपया है जबकि वातानुकूलित चेयर कार श्रेणी में पटना से हावड़ा के बीच का किराया 995 रुपया तथा कैटरिंग शुल्क के साथ किराया 1340 रुपया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *