प्रदेश भर से शिवराजपुर पहुंचे कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता, चुरहट में हर तरफ दिखा जश्न का नजारा

Regional Desk, RB Singh ‘Raaz’, सीधी, MP.

मध्य प्रदेश के चुरहट विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत शिवराजपुर सांडा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल का जन्मदिन बड़े धूमधाम से मनाया गया। श्री सिंह को बधाई देने के लिए 10 हजार से ज्यादा लोग शिवराजपुर पहुंचे और अपने नेता को अपने-अपने तरीके से उन्हें शुभकामनाएं देने का इजहार करते हुए अपनी भावनाएं प्रेषित कीं।

शनिवार को सुबह से ही पूरे चुरहट इलाके में जश्न जैसा आलम लगातार बना रहा। बायपास मार्ग बनने के बाद जिन चार पहिया वाहनों का रुख चुरहट के बाजारी कस्बे की तरफ नहीं होता था वहीं कल अजय सिंह राहुल के जन्मदिन के परिपेक्ष्य में सैकड़ों चार पहिया वाहनों का हर दिशा से आना-जाना चुरहट बाजार होते हुए शिवराजपुर साड़ा मार्ग पर लगातार जारी रहा।

माता-पिता को अर्पित की श्रद्धांजलि

अजय सिंह राहुल ने चुरहट स्थित झदबा महरानी की पूजा-अर्चना के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चुरहट पहुंचकर मरीजों को फल वितरण करने के उपरांत अपने पिता स्व. कुंवर अर्जुन सिंह के समाधि स्थल पहुंचकर माता-पिता को श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री राहुल के जन्म दिवस पर बधाई देने के लिए पूरे प्रदेश से उनके समर्थकों का जनसैलाब उमड़ पड़ा, बधाइयां देने वालों का तांता लगा रहा। बधाई देने के लिए युवाओं महिलाओं सहित समाज के हर तबके के लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला और सब भारी तादाद में अपने नेता को बधाई देने लिए पहुंचे।

गृह ग्राम साड़ा में मना जश्न

अजय सिंह राहुल का जन्म दिवस उनके गृह ग्राम शिवराजपुर साड़ा में उनके समर्थकों ने भारी उत्साह से मनाया। जन्मदिवस समारोह के कार्यक्रम की शुरुआत सर्वधर्म सद्भाव के हुई। सभी धर्म के धर्म गुरुओं ने शुभकामनाएं प्रेषित कीं,इसके बाद राहुल अपने चाहने वाले के बीच में पहुंचे और सभी से उनकी बधाइयां स्वीकार की, हजारों केक काटकर और गुलदस्तों के साथ लोगों ने अपनी शुभकामनाएं दीं।

आदिवासी सैला नृत्य के साथ जश्न

आदिवासी नृत्य सैला के साथ सर्व समाज के लोगों अपनी-अपने तरीके से अजय सिंह राहुल को जन्मदिन की बधाई देने पहुंचे। बड़े पैमाने पर अजय सिंह राहुल के कार्यकर्ताओं द्वारा जन्मदिन पर किए गए आयोजन में कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह देखने को मिला।

लड्डुओं से तौला गया

चुरहट नगर परिषद की अध्यक्ष मोनिका गुप्ता एवं विजय गुप्ता और उनके साथियों ने अजय सिंह को 101 किलो लड्डुओं से तौला। जन्मदिवस कार्यक्रम में पधारे सभी आगंतुकों के भोजन की व्यवस्था की गई थी।
अजय सिंह राहुल ने अपने गृह ग्राम में पौधरोपण किया।
कल बधाई देने शिवराजपुर पहुंचने वाले लोगों के वाहनों के कारण करीब 4 घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। सांडा कोठी से लेकर चुरहट एवं दुअरा तक वाहनों की कतार लगी रही। जिसके चलते लोगों के आने-जाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। लंबे अरसे के बाद अजय सिंह ने अपने गृह ग्राम में जन्मदिन मनाया। जिसके कारण हजारों हजार की संख्या में चुरहट विधानसभा क्षेत्र के आम जन ने पहुंचकर बधाई दी।

लोक गायिका नेहा सिंह राठौड़ ने दी प्रस्तुति

विख्यात लोक गायिका नेहा सिंह राठौड़ ने चुरहट पहुंच कर अजय सिंह को बधाई देते हुए अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जनता की आवाज मुखर की। उन्होंने “एमपी में का बा…” के साथ प्रस्तुति के माध्यम से युवाओं की आवाज बुलंद करते हुए- “बेरोजगार बानी साहिब रोजगार चाही बा…” गाया।
नेहा सिंह राठौर की प्रस्तुति पर उपस्थित जन भाव विभोर रहे और लोकगीत गायिका के गीतों का भरपूर आनंद लिया।

इस अवसर पर देश की सबसे छोटी लोकगायिका मान्या पाण्डेय ने भी शिवराजपुर पहुंचकर पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल को जन्मदिन की बधाई दी। मान्या पाण्डेय के शिवराजपुर पहुंचने पर अजय सिंह ने उन्हें अपने पास बुलाकर अपना स्नेह एवं आशीर्वाद प्रदान किया। लोकगायिका नेहा सिंह राठौर और मान्या पाण्डेय के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर सेल्फी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *