कोतवाली पुलिस की कार्रवाई में दो एन्ड्रॉयड हैंड सेट एंव एक बाइक जप्त

News Desk, सिंगरौली, मध्य प्रदेश.
सिंगरौली कलेक्ट्रेट का स्वयं को अधिकारी बताकर एक व्यक्ति से धोखाधड़ी कर 54 हजार रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर ठग को कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से दो एन्ड्राइड मोबाइल एवं एक मोटर साइकिल जप्त कर उसे न्यायालय में पेश किया जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया। उक्त कार्रवाई एसपी मो.यूसुफ कुरैशी के निर्देश एवं सीएसपी देवेश कुमार पाठक के मार्गदर्शन में कोतवाली प्रभारी उनि उदयचन्द करिहार व उनकी टीम द्वारा की गई।

कोतवाली पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार फरियादी विनोद कुमार यादव निवासी हर्रा चंदेल थाना जियावन 11 जुलाई को रिपोर्ट किया था कि उसके मोबाइल फोन पर एक व्यक्ति का कॉल आया। उसने कहा कि तुम्हारी लड़की का अपराध से संबंधित राहत राशि तुम्हें मिलने वाली है। आप 55 हजार रुपये लेकर कलेक्ट्रेट बैढ़न आ जाइए। उसने कहा था कि मैं कलेक्ट्रेट का अधिकारी बोल रहा हूँ।

उसने बार-बार फोन कर फरियादी को बैढ़न के पुराने चीर घर के पास बुलाया और राहत राशि दिलाने के नाम पर 54 हजार रुपये डीडी बनवाने के नाम पर ले लिया और अपनी मोटर साइकिल एचएफ डीलक्स से वहां से भाग गया। तब फरियादी द्वारा आरोपी शेर अली के नाम पर रिपोर्ट दर्ज कराया गया। कोतवाली पुलिस ने धारा 420 भादवि का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लेते हुए आरोपी की तलाश में जुट गयी।

आरोपी ठग शातिर बदमाश होने के कारण पकड़ में नहीं आ रहा था। पुलिस ने जाल बिछाया और मंगलवार 1 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया। प्रकरण में ठगी एवं धोखाधड़ी से ली गई रकम के बारे में पूछताछ की गई तो उसने बताया कि उक्त रकम से उसने महंगा एप्पल कंपनी का मोबाइल खरीद लिया है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो एन्ड्रॉयड मोबाइल एवं मोटर साइकिल जप्त करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जिसे न्यायालय द्वारा न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

आदतन बदमाश है ठगी का आरोपी

पुलिस के अनुसार आरोपी आदतन बदमाश है। आरोपी द्वारा पूर्व में भी इसी तरह की कई वारदातें थाना बैढ़न में एवं कई अपराध थाना जियावन में भी पंजीबद्ध हैं।

उक्त कार्रवाई उनि उदयचंद करिहार, रामजी शर्मा, सउनि रमेश प्रजापति, अभिमन्यु उपाध्याय, अंकित सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *