रात के अंधेरे में की जा रही पशु तस्करी का हुआ भण्डाफोड़
Newspost, Crime Desk – MP.
रस्सियों से जकड़कर कत्लखाने में ले जाई जा रहीं थीं आधा दर्जन भैंसें
मध्य प्रदेश में गोवंश की तस्करी व वध के खिलाफ कड़े प्रावधानों के बावजूद ऐसा लगता है कि इस अमानवीय कृत्य से जुड़े लोग तनिक भी भयभीत नहीं हैं, उनका एक दुस्साहसी कारनामा सिंगरौली जिले के देवसर क्षेत्र में सामने आया है। यहां की जियावन थाने की पुलिस ने गस्त के दौरान एक पिकअप वाहन से आधा दर्जन भैंसों को जप्त कर आरोपियों के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। जप्त पिकअप वाहन तस्कर गिरोह से जुड़े व्यक्ति का बताया जा रहा है। इसके केबिन पर,"बाबा ताज...बचा ले लाज" लिखा हुआ है।
इस प्रकार की गई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार जियावन थाना में पदस्थ उप निरीक्षक गुरूवार व शुक्रवार की रात में गस्त कर रहे थे, तभी मुखबिरों के जरिये सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन में पशुओं को क्रुरतापूर्वक भरकर बिक्री करने के लिए ले जाया जा रहा है। उप निरीक्षक ने इसकी जानकारी थाना प्रभारी एवं एसडीओपी देवसर को देते हुये पुलिस टीम के साथ निगरानी शुरू कर दिया। इसी दौरान सरपतही गांव के कमलेश साहू के घर के पास सरई तरफ से आ रहा एक सफेद रंग का पिकअप क्रमांक एमपी 66 जी 2284 पुलिस वाहन को देखकर कमलेश साहू के घर की ओर जंगल तरफ जाने वाली रोड में मोड़ दिया। पुलिस पीछा करती रही और अंत में पिकअप को अपने कब्जे में ले लिया। तलाशी के दौरान उक्त वाहन में रस्सियों से क्रूरतापूर्वक बांधे गये आधा दर्जन भैंस जिसमें 5 पडवा थे पाये गये। भैंसों को बरामद कर पिकअप वाहन को जप्त करते हुये पुलिस ने चालक के विरुद्ध अपराध धारा 11 (ड.)(च) पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू दी है। पुलिस अज्ञात चालक एवं क्रेता -विक्रेता की तलाश कर रही है।
