Newspost, Crime Desk – Singrauli, MP.
सिंगरौली, मध्य प्रदेश के विंध्यनगर थाने की जयंत चौकी पुलिस ने झपटमारी कर महिला को लूटने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया 2 लाख 90 हजार रुपए का सोने का मंगलसूत्र और चेन भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में प्रयुक्त बुलेट मोटर साइकिल भी जब्त की है।
यह है घटना और पुलिस एक्शन…
यह घटना 19 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे की है। लक्ष्मी मार्केट इलाके की निवासी पूनम पांडे ने 19 अक्टूबर की रात जयंत चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि वह बाजार से सामान लेकर लौट रही थीं, तभी बुलेट मोटर साइकिल पर सवार तीन लोगों ने उन्हें रोका। आरोपियों ने उनके गले से मंगलसूत्र और सोने की चेन को झपटा और धक्का देकर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज से पकड़े गए लुटेरे
उक्त शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जयंत चौकी प्रभारी सुधाकर सिंह परिहार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अलग-अलग सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपियों की पहचान की। जांच के बाद पुलिस ने मनोज कुमार साकेत, शिवम कुमार साकेत और पवन कुमार कश्यप को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से लूटी गई सोने की चेन और मंगलसूत्र बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 90 हजार रुपए है। लूट में इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है।
इनकी भूमिका ने दिलाई सफलता
उक्त कार्यवाही में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक अर्चना दिवेदी, चौकी प्रभारी जयंत उप निरीक्षक सुधाकर सिंह परिहार, सहायक उप निरीक्षक दीपनारायण केवट, राजेश द्विवेदी, रवि गोस्वामी, जितेंद्र मिश्रा प्रधान आरक्षक धीरेंद्र अहिरवार, बीरेंद्र पटेल, सिरदेलाल उइके, जतिन दुबे, आरक्षक प्रकाश सिंह, महेश पटेल, सुरेन्द्र यादव व प्रवीण राठौर की भूमिका से यह सफलता मिली।
