सीधी लोकसभा क्षेत्र के सिंगरौली की चुनावी सभा को भारत के रक्षामंत्री ने किया संबोधित
गरीब और किसान को मुसीबतों से बचाना मोदी की गारण्टी- रक्षामंत्री सिंह
Newspost, Political/Election Desk, Rohit Gupta.
सिंगरौली, मध्य प्रदेश। छ: अप्रैल, शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के 45 वें स्थापना दिवस पर श्रृंगी ऋषि की भूमि सिंगरौली पहुंचे भारत के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने बैढ़न रामलीला मैदान में चुनावी सभा में कहा कि देश के गरीब, महिलाओं व किसानों की हितैषी हमारी सरकार किसानों के लिए सवा लाख करोड़ की लागत से देशभर में भण्डारण की व्यवस्था बना रही है। श्री सिंह ने कहा कि किसान भाइयों के उत्पादन का जब उचित कीमत नहीं मिल रहा होगा तब वे अपने अनाज का भण्डारण कर सकेंगे और सही समय पर अच्छे मूल्य पर बेच सकेंगे। भण्डारण के अभाव में किसानों को अपनी उपज को कम कीमत में बेचने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने मध्य प्रदेश में 20 लाख भूमिहीनों को स्वामित्व योजना के तहत मिली जमीन के बारे में बताया और कहा कि गरीबों व किसानों को हर मुसीबत से बचाना ही मोदी की गारंटी है।
वन नेशन वन इलेक्शन योजना की चर्चा को दे दी हवा
रक्षामंत्री ने पिछले दिनों से शुरू हुई गर्म बहस को और हवा देते हुए कहा कि पूरा देश वन नेशन वन इलेक्शन चाहता है। एक साथ चुनाव होने से लोकतंत्र मजबूत होगा। इससे जहां देश के धन व समय की बचत होगी, वहीं भ्रष्टाचार व खरीद फरोख्त पर भी विराम लगेगा और जागरुक जनता बिना परेशानी के अपनी सरकार बनाएगी।

चुनावी सभा के दौरान मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री प्रह्लाद पटेल, पंचायत राज्य मंत्री राधा सिंह सहित जिले के पूर्व व वर्तमान विधायक, जिलाध्यक्ष राम सुमिरन गुप्ता मंचासीन रहे। सीधी-सिंगरौली लोकसभा प्रत्याशी डॉ राजेश मिश्रा के पक्ष में जनता से वोट की अपील करने पहुंचे श्री सिंह ने अपने 20 मिनट के भाषण में कहा कि देश में विधानसभा, लोकसभा व अन्य चुनाव से समय व देश के पैसों की बर्बादी और जनता भी परेशान होती है। इससे निजात के लिए देश में वन नेशन वन इलेक्शन व्यवस्था होनी चाहिए। श्री सिंह ने कहा कि वन नेशन वन इलेक्शन के लिए पीएम नरेन्द्र मोदी ने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की थी। कमेटी ने अपनी विस्तृत रिपोर्ट भी प्रस्तुत कर दी है। निकट भविष्य में एक देश, एक चुनाव व्यवस्था लागू हो जाएगी।
मुस्लिम विरोधी नहीं है नागरिकता कानून
जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने, तीन तलाक पर कठोर कानून बनाने, राम मंदिर की स्थापना व हाल ही में लागू नागरिकता कानून यूसीसी पर कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए रक्षा मंत्री श्री सिंह ने कहा कि यह कानून मुस्लिम विरोधी कत्तई नहीं है। इस कानून की वजह से कोई भी मुस्लिम भाई देश से बाहर नहीं जाएगा। लेकिन देश में लंबे समय तक सरकार चलाने वाले कांग्रेसी आग लगाने व भड़काने का कार्य करते हैं। श्री सिंह ने कहा बीजेपी सरकार शासन नहीं चलाती बल्कि सेवा करती है। हम इंसानियत की राजनीति करते हैं, कांग्रेसियों की तरह नफरत की राजनीति नहीं करते।
पूर्व सीएम शिवराज सिंह की प्रसंशा की
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अनुभवी विश्लेषक व समीक्षकों ने कहा था कि मध्यप्रदेश में बीजेपी की सरकार नहीं बनेगी। लेकिन सारे समीक्षकों को धता बता प्रदेश की जनता ने स्पष्ट बहुमत से भाजपा की सरकार बनाने के लिये जनता ने आशीर्वाद दिया। 2003 के पूर्व मध्यप्रदेश की पहचान बीमारू राज्य के रूप में था। लेकिन उसके बाद जैसे ही भाजपा की सरकार बनी और शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री बने उन्होंने प्रदेश की तस्वीर बदल दी। भाजपा के सीएम व पीएम जो बोलते हैं वह करते हैं। यदि गलत हो तो मीडिया के साथी अखबार की सुर्खियों में भाजपा का विरोध लिख सकते हैं। हम काम करके जनता के आंख में आंख डालकर उनसे वोट मांगते हैं। अंत में श्री सिंह ने कहा कि देश की अंतर्राष्ट्रीय सीमाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं। देश के भीतर भी कश्मीर की छिटपुट घटनाओं को छोड़कर कोई घटना नहीं हुई है।
सभा को कैबिनेट मंत्री प्रह्लाद पटेल, राज्य मंत्री राधा सिंह, सिंगरौली विधायक राम निवास शाह ने भी संबोधित किया। इससे पूर्व जिलाध्यक्ष राम सुमिरन गुप्ता ने अपने स्वागत भाषण में लोकसभा प्रत्याशी को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाकर दिल्ली भेजने का विश्वास दिलाया।
