इस वर्ष “भ्रष्टाचार का विरोध करें; राष्ट्र के प्रति समर्पित रहें” विषय पर मनाया जा रहा है सतर्कता सप्ताह
एनसीएल में आज से मनाया जा रहा सतर्कता जागरुकता सप्ताह 2023
Newspost, Corporate/National. @RohitGupta
भारत सरकार की संस्था केन्द्रीय सतर्कता आयोग (CVC) के निर्देशानुसार देशभर के सार्वजनिक संस्थानों में आज 30 अक्टूबर से प्रारंभ “सतर्कता जागरुकता सप्ताह 2023” के कार्यक्रमों की शुरुआत मिनिरत्न कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) में मुख्यालय सहित सभी क्षेत्रों एवम् इकाइयों में सामूहिक शपथ के साथ कर दी गई है। इस वर्ष यह सप्ताह “भ्रष्टाचार का विरोध करें; राष्ट्र के प्रति समर्पित रहें” विषय पर मनाया जा रहा है।
एनसीएल के जनसंपर्क विभाग की जानकारी के अनुसार, आगामी 5 नवंबर 2023 तक चलने वाले इस सप्ताह के दौरान एनसीएल में सतर्कता जागरुकता बढ़ाने हेतु विभिन्न कार्यक्रम एवं गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
आयोजित होंगी ये प्रतियोगिताएं:
इस सप्ताह में सतर्कता आधारित प्रशिक्षण एवम् विकास कार्यक्रम, हितग्राही सम्मेलन, निबंध, भाषण, प्रश्नोत्तरी, पेंटिंग, वाद-विवाद जैसे प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही व्यापक जन जागरुकता के आलोक में, स्थानीय विद्यालयों एवम् महाविद्यालयों के अलावा सरकारी दफ़्तरों व आस-पास के ग्राम सभाओं में भी सतर्कता जागरूकता संगोष्ठियों का आयोजन किया जाना है।
सतर्कता जागरुकता सप्ताह भ्रष्टाचार के उन्मूलन करने एवं भ्रष्टाचार मुक्त राष्ट्र का निर्माण करने के उद्देश्य से मनाया जा रहा है। इस दौरान एनसीएल के सतर्कता विभाग के द्वारा सभी कर्मियों को कार्यालयीन क्षेत्र में सत्यनिष्ठा, ईमानदारी, जवाबदेही एवं शुचिता बनाए रखने हेतु अभिप्रेरित किया जा रहा है।
विदित हो कि इस वर्ष के सतर्कता जागरुकता सप्ताह के दौरान एनसीएल लोकहित प्रकटीकरण एवं सूचनादाता संरक्षण संकल्प (PIDPI) के तहत शिकायत दर्ज करवाने के संबंध में जन जागरुकता पर विशेष बल दे रही है।
