‘लिनु पंचमन ‘ ने किया वट का रोपण, फिर संभाली हिंडालको–महान की कमान
Newspost, Corporate Desk. @rohitgupta
आदित्य बिड़ला समूह के मेगा प्रोजेक्ट हिंडालको–महान इकाई में नेतृत्व परिवर्तन किया गया है। नवागत इकाई प्रमुख लिनु पंचमन ने पदभार ग्रहण करने के साथ ही उद्योग-परिसर में वट का पौधा रोपित कर अपने कार्यकाल का शुभारंभ कर एक व्यापक संदेश भी दिया है। यह अवसर केवल औपचारिकता नहीं रहा, बल्कि औद्योगिक विकास और प्रकृति के संतुलन का सशक्त संदेश के रूप में सामने आया। इस अवसर में प्लांट के कूलिंग टावर के समीप लगभग 300 विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए, जिससे ग्रीन बेल्ट विकास अभियान को और गति मिली।
यहां बताना आवश्यक है कि अब तक हिंडालको महान के इकाई प्रमुख रहे एस. सेंथिलनाथ ने सफलतापूर्वक इस औद्योगिक संस्थान को न केवल चलाया, बल्कि उनके नेतृत्व में इस संस्थान ने नई ऊंचाइयों को छूने के साथ साथ अपने सीएसआर कार्यक्रमों के चलते जनमानस का विश्वास और लोकप्रियता अर्जित करने में भी सफल रहा। कंपनी के सूत्रों के अनुसार अब तक इस इकाई के प्रमुख रहे एस. सेंथिलनाथ अब आदित्य बिड़ला समूह के मुंबई स्थित कॉरपोरेट ऑफिस में बड़ी जिम्मेदारी निभाएंगे।
वट वृक्ष स्थायित्व, विस्तार और दूरदृष्टि का प्रतीक - पंचमन
नवागत यूनिट हेड लिनु पंचमन ने संस्थान के प्रबंधन को संबोधित करते हुए कहा कि, “वट वृक्ष स्थायित्व, विस्तार और दूरदृष्टि का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती उसकी जड़ों, मूल्यों, टीम भावना और पर्यावरणीय प्रतिबद्धता में निहित होती है। औद्योगिक उत्कृष्टता तभी सार्थक है, जब वह प्रकृति के साथ संतुलन बनाए रखते हुए आगे बढ़े।
निवर्तमान इकाई प्रमुख एस. सेंथिलनाथ ने जताया विश्वास
निवर्तमान इकाई प्रमुख एस. सेंथिलनाथ ने इस पहल को महान इकाई की निरंतर पर्यावरणीय परंपरा का विस्तार बताया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नया नेतृत्व विकास और हरित सोच को और अधिक सुदृढ़ करेगा।
हर पौधा भावी पीढ़ियों के लिए जीवित निवेश - डॉ विवेकानंद
संस्थान के मानव संसाधन प्रमुख डॉ. विवेकानंद ने कहा कि हर पौधा भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक जीवित निवेश है। उसकी देखभाल हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। पावर प्लांट हेड प्रांजल पाठक ने अपने विचार रखते हुए कहा कि वृक्षारोपण औद्योगिक इकाइयों की सामाजिक और पर्यावरणीय जवाबदेही का अभिन्न हिस्सा है। ऊर्जा उत्पादन और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना आज की आवश्यकता है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भागीदारी -
इस अवसर पर स्मेल्टर हेड एस. शशि कुमार, वित्त प्रमुख रोहित मतेती, गौरव वर्मा, पर्चेज हेड राम जतन गुप्ता, जनसंपर्क प्रमुख संजय सिंह, मानव संसाधन से प्रणव सोनी, मैकेनिकल हेड आदर्श, पर्यावरण विभाग से मनोज तिवारी, ऑपरेशन हेड सुदीपता नायक, सिविल विभाग से दीपक तिवारी, अमरीश त्रिपाठी, राकेश यादव, लॉजिस्टिक हेड आशीष कर, उद्यानिकी विभाग से रमेश मोबालिया, देवेंद्र चंदेल सहित विभिन्न विभागों के प्रमुखों और युवा इंजीनियरों ने भी पौधारोपण कर सक्रिय भागीदारी निभाई।
