भारतीय रेलवे में सर्वाधिक माल लदान कर धनबाद मंडल बना नंबर वन, महाप्रबंधक ने डीआरएम की थपथपाई पीठ

महाप्रबंधक पूमरे छत्रसाल सिंह ने धनबाद मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक 

Newspost, National Desk. @rohitgupta

हाजीपुर। भारतीय रेलवे के धनबाद मंडल ने बीते वित्तीय वर्ष में भी फिर से देश में सर्वाधिक राजस्व बटोरने का काम किया है। पूर्व मध्य रेल का यह मंडल भारतीय रेलवे को सर्वाधिक राजस्व भले ही देता है, लेकिन इस मंडल के यूपी व एमपी में स्थित रेलवे स्टेशन, विशेषकर मिनी भारत सिंगरौली अभी भी कनेक्टिविटी और यात्री सुविधाओं के संदर्भ में बहुत पिछड़ा है।

लक्ष्य निर्धारण एवं कार्य योजना पर विस्तृत चर्चा के लिए हुई बैठक

मंडल की उपलब्धि और लक्ष्य निर्धारित करने के लिए महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने शनिवार, 12.04.2025 को धनबाद मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में रिव्यू मीटिंग की। बैठक में मुख्यालय के विभागाध्यक्ष, धनबाद के डीआरएम कमल किशोर सिन्हा एवं मंडल के विभागीय अधिकारी इस उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में शामिल हुए। बैठक में धनबाद मंडल द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 में किए गए प्रदर्शन एवं उपलब्धियों से महाप्रबंधक को अवगत कराया गया। इस दौरान नये वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए लक्ष्य निर्धारण एवं कार्य योजना पर भी विस्तृत चर्चा की गई। 

माल लदान में नंबर वन बना धनबाद मंडल

बैठक में महाप्रबंधक ने धनबाद मंडल को वर्ष 2024-25 में भारतीय रेलवे में सर्वाधिक 193.91 मिलियन टन माल लदान करने वाला मंडल बनने पर बधाई दी।  

जारी वित्त वर्ष का लक्ष्य 205 मिलियन टन

वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए धनबाद मंडल को 205 मिलियन टन माल लदान का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए आवश्यक गतिशीलता एवं विकास कार्यों पर महाप्रबंधक ने चर्चा की। 

महाप्रबंधक ने दिये अधिक माल लदान और ट्रेनों के समय पालन हेतु निर्देश

महाप्रबंधक द्वारा धनबाद मंडल में चल रहे यात्री सुविधा एवं सुरक्षा, आधारभूत संरचना के विकास से जुड़े कार्यों तथा कर्मचारियों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई। उन्होंने माल लदान में और वृद्धि करने हेतु तथा ट्रेनों का समय पालन 95 प्रतिशत हासिल करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। 

इन प्रमुख कस्टमर्स से जीएम ने की खास बात

महाप्रबंधक की उपस्थिति में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में महत्वपूर्ण फ्रेट कस्टमर जैसे- बीसीसीएल, सीसीएल, एनसीएल सिंगरौली, डीवीसी, एसीसी सिन्द्री, हर्ल, पीवियूएनएल, बीकेबी, पूरी बरवाडीह, गोदावरी एवं केराधारी के अधिकारी शामिल रहे। बैठक में महाप्रबंधक ने इन सभी से विस्तृत चर्चा की तथा कहा कि रेलवे के साथ मिलकर नई ऊंचाइयों को प्राप्त करने के लिए किस प्रकार कार्य कर सकते हैं। यह जानकारी पूमरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने एक विज्ञप्ति के माध्यम से साझा की है।
One thought on “पूमरे के धनबाद मंडल ने किया सर्वाधिक माल लदान, बना भारतीय रेलवे का नंबर 1 मंडल”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *