गंभीर रूप से घायल व झुलसा युवक जबलपुर रेफर
Newspost, Regional Crime Desk. Bargawan/Singrauli.
शुक्रवार की सुबह मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में एक सनसनीखेज और रहस्यमयी घटना सामने आई। हुआ यूं कि जिले के बरगवां थाना क्षेत्र के पोखरा गांव में अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से संदीप यादव नामक युवक पर प्राणघातक हमला कर उसके एक पैर को घुटने से लगभग अलग कर दिया गया था। युवक का घुटना लगभग आधा कटकर लटक गया, वहीं उसके शरीर के कुछ हिस्सों के झुलसे होने की भी पुष्टि हुई है। युवक आजादपुर (घिनहा) ग्राम का निवासी बताया गया है।
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे ग्रामीणों ने एक युवक को गंभीर अवस्था में देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर बरगवां थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। औपचारिकता पूर्ण कर घायल युवक को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेज दिया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
घटनास्थल के कुछ दूर मिला हिरण का शव
यह घटना और भी रहस्यमयी तब बन गई जब घटनास्थल से करीब 100 मीटर की दूरी से एक हिरण का शव बरामद किया गया। इस मामले को वन विभाग ने भी संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है। हिरण के शव को कब्जे में लेकर वन विभाग ने इसकी पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं दूसरी ओर पुलिस युवक पर जानलेवा हमले के अज्ञात आरोपियों की पड़ताल में जुटी है।
इनका कहना है -
बरगवां थाना प्रभारी निरीक्षक मो समीर ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात हमलावर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। युवक पर हुए हमले, उसके झुलसने की स्थिति तथा घटनास्थल के पास हिरण के शव मिलने जैसे सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल घटना के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस और वन विभाग संयुक्त रूप से जांच में जुटे हुए हैं।
क्षेत्र में घटना के बाद दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।
